भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक फंड मैनेजमेंट वाली कंपनी SBI Funds का आईपीओ मंगलवार यानी 14 जुलाई को आ रहा है, जिसके प्राइस बैंड से लेकर हर एक डिटेल की जानकारी सामने आ चुकी है. यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा.
इस आईपीओ के जरिए SBI अपना कुछ हिस्सा बेच रही है. मेनबोर्ड कैटेगरी के इस आईपीओ के लिए 20.37 करोड़ शेयर जारी किए जाएंगे, जिसका कुल साइज ₹11,692.91 का होगा. SBI Funds Management IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद हो जाएगा. 17 जुलाई को इस आईपीओ के तहत अलॉटमेंट जारी किया जाएगा.
कितना होगा शेयर प्राइस
वहीं SBI Funds Management के शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर 21 जुलाई 2026 को होगी . इसके प्राइस बैंड का भी ऐलान किया जा चुका है. एसबीआई फंड्स का आईपीओ प्राइस ₹545 से ₹574 तय किया गया है. इसके एक लॉट में 26 शेयर रखें जाएंगे.
कम से कम कितना करना होगा निवेश?
अगर कोई रिटेल निवेशक इस आईपीओ में निवेश करना चाहता है तो उसे कम से कम 26 शेयर खरीदने ही होंगे. इसका मतलब है कि 26 शेयरों के लिए कम से कम 14,924 रुपये का निवेश करना होगा. एनआईआई इसमें कम से कम 14 लॉट और अधिकतम 68 लॉट खरीद सकते हैं.
कौन-कितना कर सकता है निवेश
SBI के कर्मचारी इसमें 5 लाख रुपये लगा सकते हैं. शेयर होल्डर्स इसमें अधिकतम 2 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं. वहीं रिटैल इन्वेस्टर्स इसमें अधिकतम 2 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं. रिटेल निवेशकों के लिए 35 फीसदी से कम हिस्सा रिजर्व रखा गया है. क्यूआईबी के लिए 50 फीसदी कोटा रिजर्व है और हाई नेटवर्थ वालों के लिए 15 फीसदी हिस्सा रिजर्व किया गया है.
शानदार कमाई के संकेत
आईपीओ खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में SBI फंड्स मैनेजमेंट का आईपीओ धमाल मचा रहा है. अभी इसका जीएमपी 19.16% है यानी हर शेयर पर 110 रुपये की कमाई हो सकती है. अनुमान है कि यह आईपीओ ₹684 पर लिस्ट हो सकता है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)