बिहार में एक्शन मोड में सम्राट सरकार, पटना और सिवान में बैक टू बैक 2 एनकाउंटर, अपराधी गिरफ्तार

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है. कुछ घंटों के भीतर सीवान और पटना में दो बड़े एनकाउंटर हुए, जिनमें 20 लाख की ज्वेलरी लूट और शिक्षक गोलीकांड के आरोपी पुलिस कार्रवाई में घायल हुए. एक आरोपी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे ने आत्मसमर्पण कर दिया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई को सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बता रही है.

Advertisement
सीवान और पटना में दो बड़े एनकाउंटर हुए. (Photo: Representational) सीवान और पटना में दो बड़े एनकाउंटर हुए. (Photo: Representational)

रोहित कुमार सिंह

  • पटना,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:30 PM IST

बिहार में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में कुछ घंटों के भीतर सीवान और पटना में पुलिस ने दो बड़े एनकाउंटर किए. इन कार्रवाइयों में 20 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट और सरकारी स्कूल शिक्षक गोलीकांड के आरोपियों को निशाना बनाया गया.

सीवान में पुलिस ने जामापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई 20 लाख रुपये की लूट के मुख्य आरोपी अंकित कुमार सिंह को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया. यह वारदात 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र में हुई थी, जिसमें सोना और अन्य कीमती सामान लूट लिया गया था.

Advertisement

पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान 26 वर्षीय अंकित कुमार सिंह के दोनों घुटनों में गोली लगी. उसे इलाज के लिए पटना लाया गया है. अंकित सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट गांव का रहने वाला है.

वहीं पटना में पुलिस ने अगमकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में सरकारी स्कूल शिक्षक पर गोली चलाने के आरोपियों संदीप उर्फ बादल और प्रिंस कुमार को घेर लिया. पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा चारों तरफ से घिरने के बाद आत्मसमर्पण कर दिया.

अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
ये लगातार हो रही पुलिस मुठभेड़ें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 15 अप्रैल को पदभार संभालने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर अपनाई गई सख्त नीति का हिस्सा मानी जा रही हैं. सरकार इन कार्रवाइयों को अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति बता रही है.

Advertisement

सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद प्रमुख एनकाउंटर

22 अप्रैल, पटना: लूटकांड का आरोपी दिलीप कुमार पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
28 अप्रैल, भागलपुर: हत्या का आरोपी रामधनी यादव एनकाउंटर में ढेर
30 अप्रैल, सीवान: छोटू कुमार यादव के दोनों घुटनों में लगी गोली
3 मई, सीवान: सोनू कुमार यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
14 मई, बिहटा: दो कथित शार्पशूटरों के पैरों में गोली मारकर गिरफ्तारी
18 मई, पटना: शिक्षक गोलीकांड में एक आरोपी घायल, दूसरा सरेंडर
18 मई, सीवान: 20 लाख की ज्वेलरी लूट का आरोपी अंकित कुमार सिंह दोनों घुटनों में गोली लगने से घायल

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से बिहार में अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ बढ़ता नजर आ रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »