पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में सोमवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने दोबारा निरीक्षण किया. टीम ने संस्थान में फायर सेफ्टी सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया. इससे पहले 7 जून को भी विभाग द्वारा जांच की गई थी, जिसमें कई गंभीर कमियां पाई गई थीं.
पहले निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया था कि भवन में केवल एक सीढ़ी है, फायर स्टेयर की व्यवस्था नहीं है, स्प्रिंकलर और फायर डिटेक्टर मानकों के अनुरूप काम नहीं कर रहे हैं तथा पंप हाउस की भी उचित व्यवस्था नहीं थी. इसके बाद विभाग ने संस्थान को सात से दस दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने का नोटिस जारी किया था.
दूसरे निरीक्षण के बाद अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि संस्थान की ओर से कुछ सुधार कार्य किए गए हैं और प्रगति भी हुई है, लेकिन यह अपेक्षित स्तर की नहीं है. उन्होंने कहा कि फायर स्टेयर का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है. इसके अलावा स्प्रिंकलर और डिटेक्टर सिस्टम अब भी पूरी तरह ऑटोमैटिक नहीं बनाए गए हैं.
अधिकारियों के अनुसार भवन में एक पंप हाउस लगाया गया है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था को पर्याप्त नहीं माना जा सकता. विभाग ने संस्थान को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए फिर से दस दिनों का समय दिया है.
हो सकती है कार्रवाई
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियां दूर नहीं की गईं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले पटना के डीआईजी मनोज कुमार नट भी कह चुके हैं कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर संस्थान को बंद करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है.
फिलहाल संस्थान में सुधार कार्य जारी है, लेकिन अग्निशमन विभाग अभी तक की गई व्यवस्थाओं से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है. विभाग की निगरानी आगे भी जारी रहेगी.
शशि भूषण कुमार