गंगा घाट पर नहाने के दौरान डूबने से 3 बच्चों की मौत, एक साथ तीन परिवारों में मातम

पटना के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित हेतनपुर गंगा घाट पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गंगा में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए. मौजूद बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और प्रशासन ने परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

Advertisement
परिजनों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.(Photo: Manoj Kumar Singh/ITG) परिजनों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.(Photo: Manoj Kumar Singh/ITG)

मनोज कुमार सिंह

  • पटना,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:07 PM IST

बिहार की राजधानी पटना के दियारा इलाके स्थित हेतनपुर गंगा घाट पर नहाने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए. जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को नदी से बाहर निकाला. मगर, अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे अपने अन्य साथियों के साथ गंगा में नहाने हेतनपुर घाट पहुंचे थे. इस दौरान अचानक तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. इसके बाद साथ मौजूद बच्चे शोर मचाने लगे. बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने तीनों किशोरों को गंगा से बाहर निकाला. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: पटना कोचिंग विवाद: खान सर की कोचिंग से जुड़े तीन लोगों को पुलिस नोटिस, बुलाए गए थाने में

इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी हालत गंभीर होने के कारण बिना समय गंवाए उन्हें दानापुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.

हेतनपुर गांव के रहने वाले थे तीनों मृतक

मृतकों की पहचान धर्मवीर राय के 10 वर्षीय बेटे पीयूष कुमार, सत्येंद्र राय के बेटे तेज कुमार और अमिताभ बच्चन राय के बेटे प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. तीनों शाहपुर थाना क्षेत्र के हेतनपुर गांव के निवासी थे और एक साथ स्नान करने घाट पहुंचे थे.

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. अपने मासूम बच्चों के शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला. गांव में भी शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है.

Advertisement

प्रशासन मौके पर पहुंचा, परिजनों को तत्काल सहायता

घटना की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी चंदन कुमार और शाहपुर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कराई. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान डूबने से तीन बच्चों की मौत हुई है. प्रशासन की ओर से तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक मृतक के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है. इसके अलावा सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली अनुग्रह राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »