बिहार की राजधानी पटना में जमीन को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के मानपुर बैरिया इलाके की है. जानकारी के अनुसार युवक तेजनंदन अपनी जमीन की घेराबंदी (बाउंड्री) कराने मौके पर पहुंचा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के बीच अचानक फायरिंग की गई, जिसमें तेजनंदन को गोली लग गई. गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बाउंड्री करवाने के दौरान चली गोली
डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
राजधानी में जमीन विवाद को लेकर हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा.
शशि भूषण कुमार