बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज वारदात में मृतक के दोस्तों का ही हाथ निकला है, जिन्होंने प्रेम संबंध के विवाद में युवक की हत्या कर शव को जला दिया.
घटना बेरुआ डीह गांव की है, जहां 32 साल के बिगन राम का आधा जला शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम ने जांच शुरू की. मृतक की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरियारपुर के राम प्रवेश पासवान उर्फ पूरण और मनियारी थाना क्षेत्र के शाहपुर मरीच गांव निवासी गोरख पासवान उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक बिगन राम का आरोपी राम प्रवेश पासवान की पत्नी से प्रेम संबंध था. इस बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था और मामला पंचायत तक पहुंचा था, लेकिन संबंध जारी रहा. इसी से नाराज होकर राम प्रवेश ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
योजना के तहत आरोपियों ने बिगन राम को बुलाया और शराब में जहर मिलाकर उसे पिला दिया. इसके बाद मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई. साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पहले मिट्टी में गाड़ दिया गया और बाद में उसे जलाकर दाह संस्कार जैसा रूप देने की कोशिश की गई.
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे मामले का राज खोल दिया, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया. मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
मणि भूषण शर्मा