बिहार के खगड़िया जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी सामने आई है. परबत्ता प्रखंड के परबत्ता बाजार स्थित तिरुपति गैस एजेंसी परिसर में सिलेंडर लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रविवार को यहां हालात ऐसे बने कि अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.
सुबह से ही लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े नजर आए. उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती गई. इस दौरान कुछ समय के लिए हालात बेकाबू हो गए और लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई.
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोग पुलिस से भी उलझते नजर आए. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया और व्यवस्था को फिर से सामान्य किया.
यह भी पढ़ें: रिश्ता शर्मसार, खगड़िया में बड़े भाई ने छोटे भाई को पीट-पीटकर मार डाला
लंबी कतारों में इंतजार, उपभोक्ताओं में नाराजगी
घटना के बाद भी गैस एजेंसी परिसर में भीड़ कम नहीं हुई. लोग लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन अब तक उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सका है.
कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे इससे पहले भी एजेंसी पर आए थे, लेकिन बिना सिलेंडर लिए ही लौटना पड़ा. इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है. गैस की कमी के कारण आम लोगों को रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
एजेंसी परिसर में लगातार भीड़ बनी रहने से अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है, जिससे लोगों को और दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रशासन अलर्ट, जांच के दिए गए आदेश
मामले को लेकर गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने परबत्ता के बीडीओ को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं.
एसडीओ ने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
स्वतंत्र कुमार सिंह