बिहार सरकार में विभागों का बंटवारा आखिरकार तय हो गया है. नई व्यवस्था के तहत नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दोनों डिप्टी सीएम के बीच अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी बांटी गई है, जिससे सरकार के कामकाज को गति देने की कोशिश की गई है.
सबसे ज्यादा जिम्मेदारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास रखी है. उन्होंने कुल 29 विभाग अपने पास रखे हैं, जिनमें बेहद अहम गृह विभाग भी शामिल है. गृह विभाग मिलने के साथ ही सम्राट चौधरी राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़े फैसलों में केंद्रीय भूमिका निभाएंगे.
वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को 10 विभागों की जिम्मेदारी दी गई है. वे पहले भी सरकार में अहम भूमिका निभाते रहे हैं और इस बार भी उन्हें महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं. इसके अलावा, दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव को 8 विभाग दिए गए हैं. बिजेंद्र यादव लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और प्रशासनिक अनुभव के चलते उन्हें भी प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सरकार के इस विभागीय बंटवारे को संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, जहां अनुभवी नेताओं को अहम मंत्रालय देकर प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया गया है.
हालांकि दिलचस्प बात यह है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के इन दोनों नेताओं विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को मिलाकर कुल 18 विभाग ही दिए गए हैं, जो कि अकेले सम्राट चौधरी के पास मौजूद 29 विभागों से काफी कम हैं. यही वजह है कि राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि सीएम सम्राट चौधरी का कद इस बंटवारे के बाद और ज्यादा बढ़ गया है.
सम्राट चौधरी के पास ये 29 विभाग
सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन, राजस्व एवं भूमि सुधार, खान एवं भू-तत्व, नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, विधि, उद्योग, पथ निर्माण, कृषि, लघु जल संसाधन, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन, आपदा प्रबंधन, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सूचना प्रावैधिकी, खेल, सहकारिता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, गन्ना उद्योग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज, ऐसे सभी विभाग जो किसी को आवंटित नहीं है.
विजय कुमार चौधरी को मिले ये 10 विभाग
जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जन-सम्पर्क, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा, ग्रामीण विकास, परिवहन, उच्च शिक्षा.
बिजेंद्र यादव को मिले ये 8 विभाग
ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, वित्त, वाणिज्य कर, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ग्रामीण कार्य.
रोहित कुमार सिंह