दरभंगा के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनोज कुमार की पत्नी की कथित दहेज हत्या के मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में आरोपी BDO मनोज कुमार की कथित प्रेमिका और बेगूसराय जिला पुलिस बल में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) अनु कुमारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे उसके पैतृक जिला सीतामढ़ी से दबोचा. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मिठनपुरा थाना कांड संख्या 191/26 में मृतका के भाई राजकुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन को पति मनोज कुमार, सास, देवर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई.
BDO पत्नी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि BDO मनोज कुमार का एक अन्य महिला के साथ प्रेम-प्रसंग था. मृतका के भाई का आरोप है कि इसी वजह से उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था. जांच के दौरान SIT ने सबसे पहले मुख्य आरोपी BDO मनोज कुमार को गिरफ्तार किया.
इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और अनुसंधान के दौरान मनोज कुमार और बेगूसराय जिला पुलिस बल में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक अनु कुमारी के बीच प्रेम-प्रसंग की पुष्टि होने का दावा किया गया. इसके आधार पर अनु कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने बताया कि अनु कुमारी को उसके पैतृक जिला सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. अब पुलिस इस मोबाइल की जांच करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके.
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस अब मामले के अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है. इनमें BDO मनोज कुमार की मां, बहन और भाई शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
बरामद मोबाइल से जुटाए जाएंगे मामले के अहम साक्ष्य
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है. दहेज हत्या और कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है. बरामद मोबाइल फोन की फोरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
मणि भूषण शर्मा