Actor Naresh on E20 petrol: देश में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर बहस लगातार तेज हो रही है. अब तेलुगु अभिनेता और सुपरस्टार महेश बाबू के सौतेले भाई नरेश विजय कृष्णा भी इस बहस में खुलकर उतर आए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके E20 पेट्रोल को लेकर अपनी चिंता जाहिर की. नरेश ने साफ कहा कि वह देश विरोधी नहीं हैं, लेकिन E20 पेट्रोल की वजह से बाइक से लेकर लग्जरी कार तक के मालिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
'हार्ट अटैक दे रहा E20 पेट्रोल'
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर किए गए अपने पोस्ट में नरेश ने लिखा कि E20 पेट्रोल वाहन मालिकों के लिए बार-बार रिपेयरिंग और बढ़ते मेंटेनेंस खर्च की वजह बन रहा है. उन्होंने कहा, "मैं देश विरोधी नहीं हूं, लेकिन यह इथेनॉल वाला पेट्रोल बाइक चलाने वालों से लेकर महंगी कार रखने वालों तक सभी को हार्ट अटैक दे रहा है."
नरेश ने बताया कि वह अपनी Porsche Panamera में अब 100 ऑक्टेन पेट्रोल भरवा रहे हैं. इसकी कीमत करीब 165 रुपये प्रति लीटर है. उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल से जुड़ी शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया. उनका कहना है कि महंगी कारों में किसी भी तरह का इंजन नुकसान बहुत ज्यादा खर्च बढ़ा सकता है.
एक्टर ने अपने एक दोस्त का उदाहरण भी दिया. उनके मुताबिक, दोस्त की नई Toyota Camry में इंजन वाल्व बदलने की नौबत आ गई, जिस पर करीब 3.5 लाख रुपये का खर्च आया. नरेश का दावा है कि अगर उनकी Porsche में ऐसी समस्या आती है तो मरम्मत का खर्च करीब 12 लाख रुपये तक पहुंच सकता है.
नरेश ने अपने पोस्ट में कहा कि, उनका मुद्दा सिर्फ लग्जरी कारों के लिए नहीं है. उन्होंने लिखा कि आम बाइक सवार और साधारण कार चलाने वाले लोग महंगा पेट्रोल या लाखों रुपये की मरम्मत का खर्च नहीं उठा सकते. उनके मुताबिक, यही सबसे बड़ी चिंता है. उन्होंने यह भी कहा कि वह पर्यावरण बचाने के लिए सरकार की कोशिशों का सम्मान करते हैं, लेकिन इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल को लागू करने की प्रक्रिया उन्हें जल्दबाजी भरा कदम लगती है.
नरेश ने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां इथेनॉल ब्लेंडिंग को धीरे-धीरे और फेज़्ड मैनर में लागू किया गया था. उनका मानना है कि भारत में भी ऐसा ही तरीका अपनाया जाना चाहिए था. वहीं उनके पोस्ट पर एक यूजर ने उन्हें याद दिलाया कि Porsche पहले से ही प्रीमियम हाई-ऑक्टेन पेट्रोल की सलाह देता है. इस पर नरेश ने जवाब दिया कि उन्हें इसकी जानकारी है. लेकिन उनका कहना था कि 100 ऑक्टेन पेट्रोल हर पेट्रोल पंप पर उपलब्ध नहीं होता, खासकर हाईवे पर.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क