भारतीय बाजार में जल्द ही एक नए कार ब्रांड की एंट्री होने वाली है. हम बात कर रहे हैं बीवाईडी के लग्जरी कार ब्रांड डेंजा (DENZA) की, जो 13 नवंबर को भारत में लॉन्च होने वाला है. इस ब्रांड के तहत कंपनी दो प्रोडक्ट्स को लॉन्च कर सकती है. डेंजा डी9 एमपीवी और जेड9 जीटी के लॉन्च होने की उम्मीद काफी ज्यादा है.
दोनों ही गाड़ियों को भारत में पहले ही पेटेंट किया जा चुका है. 13 नवंबर को कंपनी इन्हें लॉन्च कर सकती है. इसमें डेंजा जेड9 जीटी को हाल में ही भारत में स्पॉट किया गया है. ये कार अपने सिग्नेचर ग्रीन कलर ऑप्शन में थी. आइए जानते हैं इस कार में क्या कुछ खास होने वाला है.
लॉन्च से पहले नजर आई डेंजा जेड9 जीटी सिग्नेचर ग्रीन कलर में दिखी है. भारतीय बाजार में ये कार हाई परफॉर्मेंस फ्लैगशिप एस्टेट या शूटिंग ब्रेक व्हीकल के रूप में आएगी. कार की कीमतों की जानकारी फिलहाल नहीं है, लेकिन ये कार चीन में 3,29,800 युआन (लगभग 46.74 लाख रुपये) की शुरुआती कीमत पर आती है.
यह भी पढ़ें: चालान से बचने के लिए लगाया दिमाग, तीन पहियों पर चलने लगी BYD SUV, वायरल VIDEO
भारतीय बाजार में डेंजा की कारें बीवाईडी रेंज से ऊपर होंगी. यानी इस ब्रांड की गाड़ियां बीवाईडी के मुकाबले ज्यादा कीमत पर आएंगी. जहां तक अपकमिंग डेंजा जेड9 जीटी की बात है, तो ये कार लगभग 1 करोड़ रुपये की कीमत पर लॉन्च हो सकती है. हालांकि, इसकी कीमतों की आधिकारिक जानकारी फिलहाल नहीं है.
चीन में कार का टॉप वेरिएंट 122.5kWh की बैटरी के साथ आता है, जिसके साथ ट्रिपल मोटर का सेटअप मिलता है. इस सेटअप के साथ कार 1156 एचपी की पीक पावर ऑफर करती है. इसमें 1210 एनएम का टॉर्क मिलता है. इसकी क्लेम्ड रेंज 1036 किलोमीटर है.
यह भी पढ़ें: BYD Sealion 7: एक-दो नहीं पूरे 11 एयरबैग! 567KM रेंज वाली धांसू इलेक्ट्रिक कार लॉन्च
ये कार इतनी पावरफुल है कि सिर्फ 2.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. वहीं इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटे की है. डेंजा जेड9 जीटी पीएचईवी की लंबाई 5195 एमएम, चौड़ाई 1990 एमएम, ऊंचाई 1500 एमएम और व्हीलबेस 3125 एमएम है. भारत में ये कार इलेक्ट्रिक अवतार में आएगी.
इंटीरियर की बात करें, तो डेंजा जेड9 जीटी में 17.3 इंच का इंफोटेनमेंट, 13.2 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 13.2 इंच की पैसेंजर स्क्रीन मिलेगी. इसमें इलेक्ट्रिकली खुलने वाले डोर मिलेंगे. कार में हीटेड, वेंटिलेटेड और मसाज वाली सीट्स मिलेंगी. इसके अलावा बड़ा पैनोरोमिक सनरूफ मिलेगा.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क