scorecardresearch
 

'ईरान में टारगेट बनाने के लिए कुछ नहीं बचा', राष्ट्रपति ट्रंप का दावा, बोले- जब चाहूं खत्म कर दूंगा जंग

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग जारी है. इसमें अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है. अमेरिका और इजरायल ने ईरान ने कई सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया है. वहीं ईरान भी लगातार पलटवार कर रहा है.

Advertisement
X
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान में सैन्य ठिकानों और लक्ष्यों पर बड़े पैमाने पर हमले हो चुके हैं. (File Photo- Reuters)
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान में सैन्य ठिकानों और लक्ष्यों पर बड़े पैमाने पर हमले हो चुके हैं. (File Photo- Reuters)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जारी युद्ध जल्द खत्म हो सकता है, क्योंकि अब वहां निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है. बुधवार को अमेरिकी मीडिया प्लेटफॉर्म Axios को दिए एक संक्षिप्त फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान में सैन्य ठिकानों और लक्ष्यों पर बड़े पैमाने पर हमले हो चुके हैं.

यह बातचीत करीब पांच मिनट तक चली, जिसमें ट्रंप ने संकेत दिया कि युद्ध का अंत ज्यादा दूर नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने कहा, 'अब वहां (ईरान) निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है. बस थोड़ा-बहुत ही बाकी है. जब भी मैं चाहूं, यह युद्ध खत्म हो जाएगा.' हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका किस तरह की रणनीति अपनाएगा या संघर्षविराम की कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी या नहीं.

हालांकि ट्रंप के इस बयान से पहले अमेरिका और इजरायल के अधिकारियों ने कहा था कि अभी युद्ध खत्म करने का कोई प्लान नहीं है. अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के अनुसार ईरान के खिलाफ कम से कम दो और हफ्ते तक सैन्य हमले जारी रखने की तैयारी की जा रही है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा था कि अभियान बिना किसी समय सीमा के जारी रहेगा, जब तक सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते और निर्णायक जीत नहीं मिलती.

Advertisement

गौरतलब है कि 28 फरवरी से ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग जारी है. इसमें अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है. हाल के दिनों में ईरान में अमेरिका और इजरायल ने कई सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया है. पलटवार में ईरान में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है.

बुधवार को भी ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में कई हमले किए. ड्रोन हमलों में दुबई एयरपोर्ट के पास विस्फोट हुए, जबकि फारस की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज में कई व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाया गया. इस बीच अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर लगातार हवाई हमले जारी हैं. दुबई मीडिया कार्यालय के अनुसार, दो ईरानी ड्रोन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गिरे, जिससे चार लोग घायल हो गए. हालांकि एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन जारी रहा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement