scorecardresearch
 

ईरान ने दागीं 186 मिसाइलें तो UAE ने धमकाया- हमारे पास भी भरपूर मात्रा में हथियार

ईरान के हमलों के बीच यूएई ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने अब तक 186 बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है, जिनमें से 172 को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. रक्षा मंत्रालय के अनुसार देश पूरी तरह से तैयार है और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है.

Advertisement
X
UAE के शारजाह में ईरानी हमले के बाद तबाही. (Photo: AP)
UAE के शारजाह में ईरानी हमले के बाद तबाही. (Photo: AP)

ईरान की तरफ से जारी हमलों के बीच संयुक्त अरब अमीरात ने अपनी सैन्य तैयारी और एयर डिफेंस क्षमता को लेकर बड़ा बयान दिया है. यूएई रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल Abdul Nasser Mohammed Al-Humaidi ने सरकार की मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि देश पूरी तरह तैयार है और किसी भी प्रकार की हवाई चुनौती का सामना करने में सक्षम है.

प्रवक्ता ने कहा कि यूएई उच्चतम स्तर की सैन्य तैयारी में है और उसके पास आधुनिक रक्षा और हथियार प्रणालियां मौजूद हैं. उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय रक्षा उद्योगों की मदद से देश अपनी सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम है, चाहे क्षेत्र में तनाव कितने भी लंबे समय तक क्यों न चले.

ईरानी हमलों के बीच यूएई का बड़ा दावा

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरानी हमले शुरू होने के बाद से अब तक यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने 186 बैलिस्टिक मिसाइलों से निपटा है. इनमें से 172 मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. 13 मिसाइलें समुद्र में गिरीं, जबकि एक बैलिस्टिक मिसाइल देश की सीमा के भीतर गिरी.

प्रवक्ता ने कहा कि यूएई के पास पर्याप्त रणनीतिक गोला-बारूद का भंडार है, जिससे लंबे समय तक हवाई खतरों का मुकाबला किया जा सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि देश अपनी संप्रभुता और जमीन की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा.

Advertisement

बहुस्तरीय एयर डिफेंस से लैस यूएई

यूएई ने यह भी कहा कि उसके पास विविध, एकीकृत और बहुस्तरीय एयर डिफेंस सिस्टम हैं. ये सिस्टम लंबी, मध्यम और छोटी दूरी की क्षमताओं से लैस हैं, जो पूरे हवाई क्षेत्र को कवर करते हैं और विभिन्न प्रकार के हवाई खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला कर सकते हैं.

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने देश के अलग-अलग इलाकों में सुनी गई तेज आवाजों को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया. उन्होंने कहा कि ये आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने और अमीराती फाइटर जेट्स द्वारा ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन को मार गिराने के कारण थीं.

एयर डिफेंस सिस्टम की क्षमता का दावा

यूएई ने दोहराया कि वह किसी भी प्रकार के संप्रभुता के उल्लंघन को स्वीकार नहीं करेगा. रक्षा मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि देश की सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यूएई का यह बयान उसकी सैन्य तैयारी और रणनीतिक क्षमता को लेकर स्पष्ट संदेश देता है.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement