बांग्लादेश को 36 साल बाद तारिक रहमान के रूप में पुरुष प्रधानमंत्री मिला है. (Photo: Reuters) Bangladesh PM Oath Ceremony LIVE Updates: बीएनपी चीफ तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि ढाका पहुंचे हैं. इसके साथ ही, भारत की तरफ से शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ढाका पहुंचे हैं.
13वीं राष्ट्रीय संसद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने मंगलवार, 17 फरवरी की सुबह शपथ ली. इसके साथ ही आम चुनाव के बाद सत्ता हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो गई, जिसने कई महीनों से जारी राजनीतिक अनिश्चितता का अंत किया. आधिकारिक नतीजों के मुताबिक, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 297 में से 211 सीटें जीतीं, जबकि बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को 77 सीटें मिलीं. सात सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे. बीएनपी ने अकेले 209 सीटें हासिल कीं, जबकि जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई थी.
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया गया. मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने सुबह करीब 10:42 बजे नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई. संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, स्पीकर या डिप्टी स्पीकर की अनुपस्थिति में यह जिम्मेदारी मुख्य चुनाव आयुक्त निभाते हैं.
बांग्लादेश में शपथ ग्रहण के जुड़े सभी LIVE अपडेट्स आप यहां देख सकते हैं:
देश रूपंतोर की रिपोर्ट के मुताबिक, जमात-ए-इस्लामी के चीफ शफीकुर रहमान को 13वीं बांग्लादेश पार्लियामेंट में विपक्ष का नेता चुना गया है, जबकि नेशनल सिटिजन्स पार्टी (NCP) की कन्वीनर नाहिद इस्लाम विपक्ष की चीफ व्हिप होंगी.
बीएनपी लीडर तारिक रहमान ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. 17 साल के देश निकाला के बाद लौटे हैं और अपनी पार्टी BNP को लीड करते हुए 12 फरवरी को बांग्लादेश में हुए नेशनल इलेक्शन में ज़बरदस्त जीत दिलाई है. तारिक रहमान के द्वारा पीएम पद की शपथ लेते ही बांग्लादेश को 36 साल बाद कोई पुरुष PM मिला.
बांग्लादेशी न्यूज़ आउटलेट, देश रूपंतोर ने BNP के सूत्रों के हवाले से एक लिस्ट हासिल की है, जिसमें बताया गया है कि किन मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को कौन से मंत्रालय दिए जाएंगे.
खलीलुर रहमान, जिन्होंने मोहम्मद यूनुस के अंतरिम शासन के दौरान नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) के तौर पर काम किया था, बांग्लादेश के अगले विदेश मंत्री बन सकते हैं. बांग्लादेशी न्यूज़ पोर्टल द बिज़नेस स्टैंडर्ड ने BNP के सूत्रों के हवाले से यही खबर दी है.
भूटान के PM शेरिंग तोबगे ने मंगलवार को ढाका के स्टेट गेस्ट हाउस जमुना में मुहम्मद यूनुस से शिष्टाचार के साथ मुलाकात की. बांग्लादेश सरकार के चीफ एडवाइजर के सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किया गया कि मुलाकात के दौरान, तोबगे ने देश के लिए एक अहम मोड़ पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए यूनुस को धन्यवाद दिया.
तोबगे मंगलवार को नई तारिक रहमान कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ढाका पहुंचे.
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की नई सरकार में मंत्रिमंडल गठन के तहत कुल 25 नेताओं को मंत्री पद की शपथ के लिए बुलाया गया है. सूची में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, आमिर खासरु महमूद चौधरी, सलाउद्दीन अहमद, इकबाल हसन महमूद टुकु, हाफिज उद्दीन अहमद बिर बिक्रम, अबु जफर मोहम्मद जाहिद हुसैन, अब्दुल अव्वल मिंटू, काजी शाह मोफज्जल हुसैन कैकोबाद, मिजानुर रहमान मिनू, निताई रॉय चौधरी, खंदकार अब्दुल मुक्तादिर, आरिफुल हक चौधरी, जहीर उद्दीन स्वप्न, अफरोजा खानम रीता, मोहम्मद शाहिद उद्दीन चौधरी अनी, असदुल हबीब दुलु, मोहम्मद असदुज्जमान, जकारिया ताहेर, दिपेन देवान, एएनएम एहसानुल हक मिलन, सरदार मोहम्मद सकावत हुसैन, महबूब अनम, शेख रोबिउल आलम, मोहम्मद अमीन उर राशिद और खलीलुर रहमान शामिल हैं. ये सभी नेता नई कैबिनेट में विभिन्न मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालेंगे.
लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला तारिक सरकार के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने बांग्लादेश पहुंच गए हैं. स्पीकर ओम बिरला इस आयोजन में भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हो रहे हैं.
तारीक रहमान आज दोपहर बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं. उन्होंने आम चुनाव में अपनी पार्टी को निर्णायक जीत दिलाई है. परंपरा से अलग इस बार 60 वर्षीय बीएनपी प्रमुख का शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा.
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसमें सांसदों को संसद सदस्य के साथ-साथ नए 'संविधान सुधार परिषद' के सदस्य के रूप में एक साथ शपथ लेने को कहा गया था. यह परिषद चुनाव के साथ कराए गए जनमत संग्रह के अनुरूप संविधान में बदलाव करने के लिए प्रस्तावित की गई है. शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले वरिष्ठ बीएनपी नेता सलाउद्दीन अहमद ने तारीक रहमान की मौजूदगी में पार्टी का यह फैसला घोषित किया. इसके बाद बीएनपी सांसदों ने केवल बांग्लादेश संसद के सदस्य के रूप में शपथ ली. पार्टी का कहना है कि संविधान सुधार परिषद का प्रावधान मौजूदा संविधान का हिस्सा नहीं है और इस पर विस्तृत विचार-विमर्श की आवश्यकता है.
बांग्लादेश की 13वीं राष्ट्रीय संसद के नवनिर्वाचित सांसदों ने 17 फरवरी की सुबह शपथ ली. संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने सुबह करीब 10:42 बजे सांसदों को शपथ दिलाई. रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम कई महीनों से जारी राजनीतिक अनिश्चितता के बाद नई सरकार के गठन की दिशा में अहम पड़ाव माना जा रहा है.