Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन की लड़ाई अब परमाणु हमलों की धमकी पर आ गई है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) की 'बाहरी देशों' को चेतावनी के बाद फ्रांस ने भी दो टूक जवाब देते हुए कहा है कि उनके पास परमाणु हथियार (Nuclear Weapons) हैं.
दरअसल, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान करते हुए चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि इस लड़ाई में अगर कोई भी बाहरी आता है तो वो उसका वो अंजाम किया जाएगा, जो कभी इतिहास में भी नहीं देखा होगा. एक्सपर्ट इसे परमाणु हमले की धमकी के तौर पर देख रहे हैं.
2017 में शांति के लिए नोबेल पुरस्कार जीत चुकी संस्था के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर बीट्राइस फिन (Beatrice Fihn) का कहना है कि पुतिन की चेतावनी असल में 'परमाणु युद्ध' शुरू करने के लिए थी.
ये भी पढ़ें-- Ukraine-Russia War: जब साइक्लिस्ट पर गिरा रूसी तोप का गोला, यूक्रेन में हमले का लाइव Video आया सामने
फ्रांस का जवाब- हमारे पास भी परमाणु हथियार
पुतिन की ओर से इशारों-इशारों में परमाणु हमले की धमकी पर फ्रांस के विदेश मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि उन्हें भी ये समझना चाहिए कि NATO के पास भी परमाणु हथियार हैं.
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन यवेस ले ड्रायन (Jean-Yves Le Drian) ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि व्लादिमीर पुतिन को भी ये समझना चाहिए कि NATO एक परमाणु शक्तियों का गठबंधन है.'
कीव में घुसी रूसी सेना
गुरुवार को रूस ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का ऐलान कर दिया था. 24 घंटे में ही भारी तबाही मच चुकी है. रूस की सेना यूक्रेन के बड़े शहरों को लगातार निशाना बना रही है और मिसाइलें दाग रही है. इसी बीच रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस चुकी है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसकी पुष्टि की है.
रूस ने की थी न्यूक्लियर ड्रील
यूक्रेन से जारी तनाव के बीच रूस ने पिछले हफ्ते ही न्यूक्लियर ड्रील की थी. रूस ने ये न्यूक्लियर ड्रील बेलारूस में की थी. बेलारूस की सीमा यूक्रेन से लगी हुई है. बेलारूस रूस का करीबी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेलारूस में रूस के 30 हजार से ज्यादा सैनिक मौजूद हैं.