पाकिस्तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची के इतिहास में पहली बार लेडी ट्रैफिक पुलिस ऑफिसर्स की नियुक्ति की गई है. कराची ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शहर के कुछ खास इलाकों में इन लेडी ऑफिसर्स को तैनात किया गया है.
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि शुरुआत में चार लेडी ऑफिसर्स को शाराहृ-ए-फैसल और क्लिफ्टन इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल करने के लिए लगाया है.
बताया गया है कि ये चारों ऑफिसर्स बाइक चलाने में भी अच्छी तरह ट्रेंड हैं. इनकी ड्यूटी में ट्रैफिक को मॉनिटर करने के साथ बाइक सवारों में सुरक्षा नियमों को लेकर जागरूक भी करना है. इसके अलावा लोग और इमरजेंसी में भी इन ऑफिसर्स की मदद ले सकते हैं. वाहन खराब होने और सड़क हादसे पर भी इन्हें कॉल किया जा सकता है.
#trafficupdate #trafficpolice #trafficsituation pic.twitter.com/JbHljFhKay
— Karachi Traffic Police (@KtrafficpoliceE) July 13, 2021
हालांकि इन लेडी ऑफिसर्स को अभी ट्रैफिक उल्लंघन टिकट (चालान) काटने का अधिकार नहीं दिया गया है. न ही ये ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को चार्ज कर सकती हैं.
कराची ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक महिलाओं को टीम का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करने के लिए ये कदम उठाया गया है. इनका कहना है कि भविष्य में और महिलाओं को कराची में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए तैनात किया जाएगा.
ईद का त्योहार नजदीक होने की वजह से खरीदारों की सड़कों पर भीड़ बढ़ जाती है. त्योहार से पहले इन लेडी ऑफिसर्स को तैनात किया गया है. कोविड-19 के खतरे को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य सुरक्षा प्रोटोकाल्स का पालन कराने में भी इन ऑफिसर्स से मदद मिलेगी.