ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों को लेकर चल रही बातचीत में अभी भी कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों के बीच खास तौर पर प्रतिबंध हटाने के दायरे और प्रक्रिया पर मतभेद बने हुए हैं. अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती मार्च में ईरान और अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत का अगला दौर होने वाला है और अंतरिम समझौते तक पहुंचने की संभावना भी मौजूद है.
HEU पर ईरान ने दिए विकल्प
ईरानी अधिकारी ने कहा कि तेहरान गंभीरता से इस विकल्प पर विचार कर सकता है कि वह अपने अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम (HEU) के भंडार का एक हिस्सा निर्यात करे, उसकी शुद्धता का स्तर घटाए और यूरेनियम संवर्धन के लिए क्षेत्रीय कंसोर्टियम मॉडल अपनाए. हालांकि इसके बदले ईरान चाहता है कि उसके शांतिपूर्ण परमाणु संवर्धन के अधिकार को परमाणु अप्रसार संधि (NPT) के ढांचे के भीतर मान्यता दी जाए.
ड्राफ्ट काउंटर प्रस्ताव की तैयारी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हाल ही में कहा था कि अमेरिका के साथ हुई परमाणु वार्ता के बाद ईरान कुछ दिनों में अपना ड्राफ्ट काउंटर प्रस्ताव पेश कर सकता है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि वे सीमित सैन्य कार्रवाई जैसे विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं.
तेल-खनिज संसाधनों पर ईरान का रुख साफ
वरिष्ठ अधिकारी ने दो टूक कहा कि ईरान अपने तेल और खनिज संसाधनों का नियंत्रण अमेरिका को नहीं सौंपेगा. हालांकि अमेरिकी कंपनियां ईरान के तेल और गैस क्षेत्रों में ठेकेदार के रूप में भागीदारी कर सकती हैं. दोनों देशों के बीच वार्ता जारी है लेकिन प्रतिबंधों में राहत और परमाणु गतिविधियों की सीमाओं पर अंतिम सहमति अभी दूर दिखाई दे रही है.