scorecardresearch
 

भारतीय छात्रों को जमकर लूटा! कनाडा के इस कॉलेज ने विदेशी छात्रों से की रिकॉर्ड कमाई

बेहतर भविष्य और नौकरी के सपने लेकर कनाडा पहुंचे हजारों भारतीय छात्रों की भारी फीस से कॉलेजों ने रिकॉर्ड कमाई की. अब सरकारी ऑडिट में करोड़ों डॉलर के विवादित खर्च और वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद ओंटारियो सरकार ने Conestoga College को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

Advertisement
X
Conestoga College, Canada
Conestoga College, Canada

पिछले कुछ सालों में कनाडा पढ़ाई के लिए जाने वाले भारतीय छात्रों की पहली पसंद बना हुआ था. बेहतर शिक्षा, नौकरी और स्थायी रूप से बसने के सपने लेकर हजारों भारतीय छात्र हर साल कनाडा पहुंचे. बेहतर भविष्य की उम्मीद में अपने घर-परिवार, जमीन-जायदाद तक दांव पर लगा दी थी. कभी किसी ने अपना खेत बेच दिया, तो किसी ने जीवन भर की जमा पूंजी. इस भरोसे के साथ कि कनाडा की शिक्षा उन्हें एक नई शुरुआत देगी.

लेकिन अब ओंटारियो के एक बड़े कॉलेज को लेकर ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने पूरे अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ओंटारियो में स्थित Conestoga College पर सरकारी ऑडिट में सामने आया है कि कॉलेज ने विदेशी छात्रों, खासकर अंतरराष्ट्रीय दाखिलों, के जरिए कुछ ही सालों में रिकॉर्ड कमाई की. जिसे देखते हुए सरकार ने कॉलेज को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया है.

ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, 2021 से 2023 के बीच कॉलेज में विदेशी छात्रों की संख्या में करीब 150 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई. इसी के साथ कॉलेज की कुल कमाई लगभग तीन गुना तक पहुंच गई. कनाडा में अंतरराष्ट्रीय छात्रों से स्थानीय छात्रों की तुलना में कई गुना ज्यादा फीस ली जाती है. ऐसे में कॉलेजों के लिए विदेशी छात्र सबसे बड़ा कमाई का जरिया बन गए थे.

भारत से कनाडा जाने वाले कई छात्रों के परिवारों ने भारी फीस भरने के लिए कर्ज लिया, जमीन बेची और सालों की जमा पूंजी खर्च कर दी. उन्हें उम्मीद थी कि कनाडा में पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी और बेहतर जिंदगी मिलेगी लेकिन बड़ी संख्या में छात्रों को वहां पहुंचने के बाद महंगे किराए, रहने की दिक्कतों और नौकरी की कमी का सामना करना पड़ा. कई छात्र छोटे-छोटे कमरों में कई लोगों के साथ रहने को मजबूर हुए.

Advertisement

ऑडिट में सामने आए चौंकाने वाले खर्च

सरकारी जांच में कॉलेज प्रशासन के खर्चों को लेकर भी कई सवाल उठे. रिपोर्ट में कहा गया कि

  • पूर्व अध्यक्ष को 55% तक वेतन वृद्धि दी गई
  • उन्हें भारी-भरकम सेवरेंस पैकेज दिया गया
  • तीन वरिष्ठ अधिकारियों की इटली यात्रा पर हजारों डॉलर खर्च किए गए
  • एक स्टाफ डिनर में शराब पर बड़ी रकम खर्च हुई

इन खुलासों के बाद यह सवाल उठने लगा कि विदेशी छात्रों से आने वाली भारी फीस का इस्तेमाल आखिर कहां किया जा रहा था.

सिस्टम पर उठे बड़े सवाल

विशेषज्ञों का कहना है कि कोविड के बाद कनाडा के कई कॉलेज विदेशी छात्रों की फीस पर जरूरत से ज्यादा निर्भर हो गए थे। बड़ी संख्या में छात्रों को एडमिशन तो दिया गया, लेकिन उनके लिए पर्याप्त आवास और सुविधाएं विकसित नहीं की गईं. अब जब कनाडा सरकार ने छात्र वीजा नियम सख्त किए हैं, तो कई कॉलेज आर्थिक संकट में पहुंच गए हैं.

सरकार ने लिया नियंत्रण

वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद ओंटारियो सरकार ने Conestoga College को प्रशासनिक निगरानी में ले लिया है. अब कॉलेज के खर्च और फैसलों की सीधी जांच होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement