अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर कहा कि उनका देश जल्द ही भारत के साथ व्यापार समझौता करेगा. दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार की जहां तक बात है तो ऊर्जा क्षेत्र में पेट्रोनेट ने 2.5 अरब डॉलर के एमओयू पर हस्ताक्षर किया है.
Prime Minister Narendra Modi during bilateral meet with US President Donald Trump, in New York: As far as trade (India-US trade) is concerned, I'm happy that our Petronet signed an MoU of US$ 2.5 Billion investment in the energy sector. pic.twitter.com/FXJh9kmjFa
— ANI (@ANI) September 24, 2019
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेट्रोनेट के साथ एमओयू पर दस्तखत होने के बाद भविष्य में दोनों देशों के बीच 60 बिलियन डॉलर का व्यापार होगा और इससे 50 हजार लोगों को नौकरियां मिलेंगी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप के शुक्रगुजार हैं कि वे ह्यूस्टन में उनके कार्यक्रम में शरीक हुए और अपना कीमती वक्त दिया. अमेरिका में रहने वाले हर भारतीय के लिए यह काफी गर्व की बात है. प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए राष्ट्रपित ट्रंप का ह्रदय से आभार जताया.
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह बहुत अच्छा होगा, अगर भारत और पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे को सुलझा लें. गौरतलब है कि सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान ट्रंप ने कहा था कि वह कश्मीर मामले में मध्यस्थता के इच्छुक हैं, बशर्ते भारत और पाकिस्तान दोनों इसके लिए राजी हों.
ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को एकजुट किया और हम उन्हें 'भारत का पिता (फादर ऑफ इंडिया)' कहेंगे. उन्होंने यूएनजीए से इतर अपनी बैठक में कहा, मेरी प्रधानमंत्री मोदी के साथ केमेस्ट्री काफी अच्छी है. ट्रंप ने कहा, वह महान व्यक्ति और महान नेता हैं..मुझे याद है, भारत पहले बहुत बदहाल था, वहां बहुत लड़ाइयां थीं और वह सबको साथ लेकर चले, एक पिता की तरह सबको साथ लेकर चले और उन्हें 'भारत का पिता' कहा जा सकता है.