कतर की राजधानी दोहा में एक तुर्की रेस्तरां में हुए भीषण विस्फोट में मारे गए 11 विदेशियों में 5 भारतीय शामिल हैं. यह विस्फोट दोहा में बृहस्पतिवार को एक माल में तुर्की के रेस्तरां में हुआ. माल एक पेट्रोल स्टेशन के करीब है. विस्फोट में 11 लोग मारे गए जिनमें 5 भारतीय थे. घटना में 35 लोग घायल भी हुए. कतर सरकार ने विस्फोट की जांच के आदेश दिए हैं.
द पेनिनसुला की खबर में कहा गया है कि मारे गए भारतीयों की पहचान रियाज किझाकेमानोलिल, अब्दुल सलीम पलांगड़, जकारिया पाडिन्जारे अनाकांडी, वेंकटेश और शेख बाबू के तौर पर हुई है. विस्फोट में चार नेपाली नागरिक और फिलिपीन के दो लोग भी मारे गए.
राजदूत संजीव अरोरा ने बताया कि दोहा स्थित भारतीय दूतावास पीडि़तों के परिवारों से संपर्क बनाए हुए है ताकि मृतकों के शव उनके गृह स्थल भेजे जा सकें. गल्फ टाइम्स की खबर में कहा गया है कि 10 घायलों का इलाज अब भी चल रहा है. इनमें 8 वयस्क और 2 बच्चे हैं. इन घायलों में तीन नेपाली, तीन पाकिस्तानी, दो फिलिपीनी, एक नागरिक मिस्र का और एक भारतीय शामिल हैं.