दुबई एक बार फिर दुनिया को एक आलीशान इमारत देने जा रहा है. दुबई दुनिया की सबसे ऊंची 'ट्विस्टेड टावर' का उद्घाटन करने वाला है. इसे बनाने में 272 मिलियन डॉलर का खर्च आया है. इस इमारत ने इंजीनियरिंग के हुनर का नायाब नमूना पेश किया है.
310 मीटर और 75 मंजिला आवासीय कायन टावर ऊपर से नीचे तक ट्विस्टेड है. इसका उद्घाटन इसी सप्ताह होगा. कायन टावर को बनाने वाली कंपनी ने कहा कि इसके 80 प्रतिशत आवासीय यूनिट बिक चुके हैं. इसके निर्माण का काम वर्ष 2006 में शुरू हुआ था, लेकिन तकनीकी कारणों और वर्ष 2009 में दुबई में आए वैश्विक वित्तीय संकट के कारण इसके काम में देरी हुई.
इस इमारत का डिजाइन विश्व की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा बनाने वाले मास्टर माइंड शिकागो के स्किडमोर ओविंग्स और मेरिल ने तैयार किया है. 828 मीटर और 160 मंजिला बुर्ज खलीफा ने जनवरी 2010 में उद्घाटन के बाद आर्किटेक्चर के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे.
मई 2012 में 413.4 मीटर का प्रिंसेस टावर तैयार किया था. गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक यह विश्व की सबसे ऊंची आवसीय इमारत है. वर्ष 2012 में ही अमीरात ने विश्व का सबसे ऊंचा होटल 355 मीटर का ट्विन टावर जेडब्ल्यू मैरियट मारक्विस तैयार किया.