ईरान संग जंग के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रशासन में भी उठा-पटक की है. ट्रंप ने क्रिस्टी नोएम को अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के चीफ के पद से हटा दिया है. उनकी जगह मार्कवेन मुलिन लेंगे. वे फिलहाल ओक्लाहोमा से सीनेटर (सांसद) हैं.
बता दें कि Homeland Security (DHS) अमेरिका की एक सरकारी एजेंसी है, जिसका काम देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
क्रिस्टी पहले South Dakota की गवर्नर रहीं. अब ट्रंप ने उनको नए प्रोजेक्ट पर भेजा है. बताया गया है कि वो 'द शील्ड ऑफ द अमेरिकाज' के लिए विशेष दूत होंगी. लेकिन क्रिस्टी का DHS से हटना जितना सिंपल दिख रहा है, उतना है नहीं. खबरों के मुताबिक, असल में क्रिस्टी नोएम से ट्रंप नाराज थे, जिसके चलते उनकी छुट्टी की गई है.
विवादों से क्रिस्टी का नाता
दरअसल, 54 साल की क्रिस्टी नोएम को डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के चीफ के तौर पर बदलने की मांग तब शुरू हुई जब इमिग्रेशन कार्रवाई के दौरान उनके डिपार्टमेंट के फेडरल एजेंट्स ने दो US नागरिकों को मार डाला.
इसके अलावा DHS ने इमिग्रेशन पॉलिसी को प्रमोट करने वाले ऐड पर 220 मिलियन डॉलर खर्च किए. मजेदार बात ये थी कि इसके ज्यादातर ऐड्स का प्रमुख चेहरा खुद नोएम थीं.
नोएम पर टैक्सपेयर्स का पैसा खुद को प्रमोट करने में लगाने के आरोप लगे. फिर नोएम ने अपने बचाव में कह दिया कि ट्रंप ने खुद कैंपेन को मंजूरी दी थी. हालांकि, ट्रंप ने इससे इनकार किया. फिर अंदरखाने चर्चाएं चलने लगीं कि ट्रंप इस बात से बहुत नाराज थे कि नोएम ने उनके बारे में झूठ बोला.
इसके अलावा शादीशुदा होने के बावजूद नोएम का कोरी लेवांडोव्स्की (ट्रंप के पूर्व चुनाव अभियान मैनेजर) के साथ कथित सीक्रेट अफेयर भी चर्चा में रहा.