scorecardresearch
 

'एयरस्ट्राइक का जरूर लेंगे बदला', 19 मौतों से बौखलाए अफगानिस्तान की PAK को चेतावनी

अफगान तालिबान ने पाकिस्तान को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है. तालिबान ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान की संप्रभुता के उल्लंघन और नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. तालिबान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने अफगानिस्तान के पक्तिका, नांगरहार और खोस्त प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों के बाद काबुल और कंधार में आपात बैठकें बुलाई हैं.

Advertisement
X
अफगानिस्तान की तालीबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता मावलवी जबीहुल्लाह मुजाहिद. (Photo: Reuters)
अफगानिस्तान की तालीबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता मावलवी जबीहुल्लाह मुजाहिद. (Photo: Reuters)

अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने रविवार को कहा कि हम पाकिस्तान के हवाई हमलों का आकलन कर रहे हैं और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है. इस घटना के बाद अफगान-पाकिस्तान सीमा पर तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं. अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में पाकिस्तान पर अफगान संप्रभुता के उल्लंघन करने और बेकसूर नागरिकों पर हमला करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, 'पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानी टेरिटरी में घुसपैठ की है. कल रात उन्होंने नांगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमारे नागरिकों पर बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित दर्जनों लोग मारे गए और घायल हुए. पाकिस्तानी जनरल ऐसे अपराधों के माध्यम से अपने देश की सुरक्षा कमजोरियों की भरपाई करते हैं.'  पाकिस्तानी हवाई हमलों में एक ही परिवार के 19 लोगों के मारे जाने की सूचना है.

अफगान तालिबान के करीबी सूत्रों ने बताया कि अधिकारी इन हमलों से हुए नुकसान के पैमाने की जांच कर रहे हैं. हालांकि अभी तक अफगान तालिबान की ओर से किसी तात्कालिक प्रतिक्रिया की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन नेतृत्व ने संकेत दिया है कि जवाबी कार्रवाई का विकल्प खुला है. सूत्रों ने तालिबान के हवाले से कहा, 'पाकिस्तान ने अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और अफगानिस्तान को जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है. हम सही समय पर जवाबी हमला करेंगे.' 

Advertisement

यह भी पढ़ें: एक ही परिवार के 19 लोगों की मौत का दावा, मदरसे पर भी हमला... PAK का अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक

तालिबान ने काबुल-कंधार में बुलाईं आपात बैठकें

पक्तिका और नांगरहार में पाकिस्तान के हवाई हमलों के बाद तालिबान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हालात पर चर्चा और आगे की रणनीति तय करने के लिए काबुल और कंधार में आपात बैठकें बुलाईं हैं. सूत्रों ने कहा, 'पाकिस्तानी हमलों पर अभी कुछ भी निश्चित रूप से कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन काबुल निश्चित रूप से जवाबी कार्रवाई करेगा.' इससे संकेत मिलते हैं कि आंतरिक विचार-विमर्श के बाद अफगान तालिबान की ओर से पाकिस्तानी हमलों के खिलाफ औपचारिक प्रतिक्रिया हो सकती है.

वहीं, पाकिस्तान ने दावा किया है कि सीमा पार किए गए हवाई हमलों का उद्देश्य आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाना था. पाकिस्तानी सेना ने कहा कि अफगानिस्तान के पक्तिका, पक्तिया, नंगरहार और खोस्त प्रांतों में किए गए सटीक हमलों में आतंकवादी शिविरों को नष्ट किया गया. पाकिस्तान ने रविवार तड़के अफगानिस्तान के भीतर डूरंड लाइन (अफगानिस्तान और पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा) के पास कई ठिकानों पर हवाई हमले किए.

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान में तालिबान का आया नया कानून... पति को पत्नी को मारने की मिली खुली छूट, ये रखी गई है शर्त

Advertisement

PAK ने आतंकी ठिकानों पर हमले का किया दावा

पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों को निशाना बनाया. पाकिस्तानी विमानों ने पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में एक मदरसे पर भी हमला किया. स्थानीय सूत्रों ने कई विस्फोटों की जानकारी दी. मरघा इलाके में एक के बाद एक धमाकों की खबरें आईं. पाकिस्तान ने बरमल के बनूसी मदरसे पर मिसाइलें भी दागीं. सूत्रों ने बताया कि इस ऑपरेशन में पाकिस्तानी वायुसेना ने एफ-16 और जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया.

पाकिस्तान ने आधिकारिक बयान में कहा कि इस्लामाबाद, बाजौर और बन्नू में हाल के आत्मघाती हमलों को अंजाम देने वाले आतंकी संगठनों और आतंकियों को इस हवाई हमले में निशाना बनाया गया. पाकिस्तान के मुताबिक ये आत्मघाती हमले 'फितना अल खवारिज' और उससे जुड़े संगठनों, 'इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रांत' (ISKP) द्वारा किए गए थे. इस्लामाबाद ने कहा कि उसके पास 'ठोस सबूत' हैं, जो इन हमलों को अफगान क्षेत्र में सक्रिय आतंकियों से जोड़ते हैं. साथ ही पाकिस्तान ने दोहराया कि वह अफगान अधिकारियों से बार-बार आग्रह करता रहा है कि वे अपने क्षेत्र का इस्तेमाल ऐसे समूहों द्वारा न होने दें, और यह भी कहा कि पाकिस्तान शांति और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्ध है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement