scorecardresearch
 

क्या रमजान में हो पाएगी संभल की जामा मस्जिद की रंगाई-पुताई? ASI को पत्र लिखकर की गई ये मांग

संभल की विवादित जामा मस्जिद में रमजान के मद्देनजर रंगाई-पुताई और सजावट का मुद्दा फिर गरमा गया है. जामा मस्जिद कमेटी ने भारतीय पुरातत्व विभाग (ASI) को पत्र लिखकर पिछले साल की तरह इस बार भी अपनी देखरेख में कार्य कराने की मांग की है, ताकि समय रहते मस्जिद को सजाया जा सके.

Advertisement
X
संभल स्थित शाही जामा मस्जिद
संभल स्थित शाही जामा मस्जिद

संभल की जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली ने रमजान का महीना शुरू होते ही भारतीय पुरातत्व विभाग के मेरठ रेंज को पत्र भेजकर मस्जिद की रंगाई-पुताई और सजावट कराने की मांग की है. यह मस्जिद पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित इमारत है, इसलिए कमेटी ने एएसआई के सुपरविजन में ही कार्य कराने का अनुरोध किया है. 

पिछले वर्ष 2025 में भी प्रशासन द्वारा अनुमति न मिलने पर मामला हाईकोर्ट पहुंचा था, जिसके बाद अदालत के आदेश पर एएसआई की देखरेख में ही पुताई संपन्न हुई थी. बारिश और धूल के कारण पिछले साल का काम खराब होने की वजह से इस साल पुन: मरम्मत की आवश्यकता जताई गई है.

हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला

जामा मस्जिद को लेकर विवाद तब गहराया था जब यहां पूर्व में हरिहर मंदिर होने का दावा अदालत में किया गया. इसके बाद नवंबर 2024 में हुई हिंसा और 2025 में प्रशासन द्वारा रंगाई की अनुमति न दिए जाने पर मस्जिद कमेटी हाईकोर्ट पहुंची थी. हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने और एएसआई की रिपोर्ट के आधार पर पुरातत्व विभाग को ही रंगाई-पुताई कराने का आदेश दिया था. इस बार भी कमेटी का तर्क है कि अदालत के पुराने निर्देशों के तहत एएसआई को ही यह जिम्मेदारी संभालनी चाहिए.

Advertisement

कमेटी ने एएसआई को लिखा आधिकारिक पत्र

मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली ने एएसआई के मेरठ रेंज के सुपरिंटेंडेंट को लिखे पत्र में स्पष्ट किया है कि पिछले साल की गई सजावट और पुताई अब नष्ट हो चुकी है. पत्र में कहा गया है कि रमजान का पवित्र महीना शुरू हो चुका है, इसलिए विभाग जल्द से जल्द अपनी टीम भेजकर काम शुरू कराए. कमेटी चाहती है कि एएसआई के दिशा-निर्देशों और उनके सुपरविजन में ही सारा काम पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए.

जफर अली का बयान और आगे की रणनीति

सदर जफर अली का कहना है कि उन्होंने एएसआई से गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी समय से काम शुरू करने की अपील की है. उन्होंने भरोसा जताया कि पुरातत्व विभाग जिस तरह के निर्देश देगा, उन्हीं के आधार पर सजावट का कार्य कराया जाएगा. फिलहाल, मस्जिद कमेटी एएसआई के जवाब का इंतजार कर रही है ताकि इबादत के इस महीने में मस्जिद की स्थिति सुधारी जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement