उत्तर प्रदेश के संभल जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. जहां मुरादाबाद मार्ग पर भीषण एक्सिडेंट हुआ. जब बोलेरो सवार ने एक बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार कुछ दूर पर जा गिरा. जबकि बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई. बाइक फंसने के बाद भी बोलेरो सवार नहीं रुका और करीब एक किलोमीटर तक बाइक को खींचते हुए चला गया.
बोलेरो से निकल रही थी चिंगारी
बाइक नीचे फंसने के बाद भी बोलेरो नहीं रुकी और बाइक को करीब एक किलोमीटर घसीटते लेकर चली गई. जिस वक्त बोलेरो तेज रफ्तार से दौड़ रही थी, उस वक्त नीचे से चिंगारी भी निकल रही थी. बावजूद इसके बोलेरो नहीं रुकी. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
यह भी पढ़ें: संभल: 'पूजा-पाठ की मिले अनुमति', जामा मस्जिद के सामने खाली पड़ी जमीन पर कश्यप समाज ने किया दावा
घटना 29 दिसंबर, शाम 5 बजे संभल सदर कोतवाली के वाजिद पुरम के नजदीक हाइवे की बताई जा रही है. फिलहाल बाइक सवार की हालत गंभीर है. उसका इलाज चल रहा है. उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर है और नाक-कान व कई जगहों से ब्लड आ रहा है. हालत सीरियस होने की वजह से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है.
बोलरो में लिखा था ग्राम प्रधान और लगा था BJP स्टीकर
बोलेरो पर बीजेपी पार्टी का स्टीकर लगा हुआ था. जिस पर ग्राम प्रधान लिखा था. फिलहाल पुलिस पूरी जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि बाइक सवार घायल का नाम सुखवीर सिंह है. सुखवीर मैनाठेर का रहने वाला है. जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.