उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चैत्र नवरात्र मेले से पहले सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी क्षेत्र में लगे विवादित पोस्टरों को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. मिर्जापुर थाना क्षेत्र में प्रवेश द्वार और आसपास के इलाकों में चिपकाए गए इन पोस्टरों को हटाते हुए पुलिस ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
जानकारी के मुताबिक मेले से पहले लगाए गए इन पोस्टरों में सिर्फ हिंदुओं को रोजगार देने और गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने जैसी बातें लिखी गई थीं. पोस्टर सामने आते ही इलाके में हलचल बढ़ गई और यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया. स्थानीय स्तर पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं और माहौल संवेदनशील हो गया.
धार्मिक आधार पर लिखी बातों से बढ़ी हलचल
कुछ संगठनों की तरफ से मेले में काम करने वाले लोगों की पहचान जांचने और बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई. इन मांगों के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनने लगी थी. प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई करने का निर्णय लिया.
इस पूरे मामले पर एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि 16 मार्च को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने सभी आपत्तिजनक पोस्टर और बैनर हटवा दिए और स्थिति को नियंत्रण में लिया. इसके साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने की कोशिश जारी है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह से कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शांति व्यवस्था के लिए पुलिस की बढ़ी सतर्कता
फिलहाल पुलिस पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने. प्रशासन ने लोगों से भी शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.