उत्तर प्रदेश के बस्ती में पिछले महीने मां-बेटी की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे 32 साल के आरोपी बेटे को अहमदाबाद पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी राजेश उपाध्याय पर बस्ती जिले के कप्तानगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में अपनी सौतेली मां गोदावरी देवी और उनकी बेटी सौम्या की हत्या का आरोप है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह हत्या संपत्ति विवाद को लेकर की गई थी. पुलिस के अनुसार, राजेश घटना के बाद से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
गुजरात से पकड़ा गया हत्या का आरोपी बेटा
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भरत पटेल ने बताया कि आरोपी को अहमदाबाद के पास के बरेज गांव से पकड़ा गया है. पटेल ने बताया कि आरोपी पहले अहमदाबाद में काम कर चुका था और वहां के इलाकों से परिचित था, इसीलिए उसने वहां छिपने का फैसला किया.
एफआईआर के अनुसार, राजेश और सात अन्य आरोपियों ने 3 और 4 दिसंबर की रात को गोदावरी देवी और उनकी बेटी को बेहोश कर बिस्तर पर रखा और फिर उन्हें आग के हवाले कर दिया. यह घटना उस दिन से ठीक पहले हुई थी, जब मां-बेटी को संपत्ति विवाद के मामले में अदालत में गवाही देनी थी.
पुलिस के अनुसार, राजेश और अन्य आरोपी अपने पिता द्वारा छोड़ी गई वसीयत में संपत्ति के बंटवारे से संतुष्ट नहीं थे. इसी कारण उन्होंने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 103 (2) (पांच या अधिक व्यक्तियों द्वारा मिलकर हत्या), 238 (साक्ष्य को नष्ट करना) और 326 (g) (आग या विस्फोट से नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि बचे हुए अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.