लखनऊ में NEET की तैयारी कर रही वाराणसी की एक छात्रा ने कैब ड्राइवर पर रेप, झूठी शादी और नवजात बेटी के साथ छोड़कर भाग जाने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि भरोसे में लेकर शादी का वादा कर उसके साथ धोखाधड़ी की गई. अब वह इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है.
पीड़िता वाराणसी की रहने वाली है और लखनऊ के चिनहट इलाके में किराए का कमरा लेकर गोमतीनगर स्थित कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रही थी. उसका आरोप है कि जुलाई 2023 में उसकी मुलाकात कैब ड्राइवर आदित्य यादव से हुई. रोजाना कोचिंग आने-जाने के दौरान बातचीत बढ़ी और आरोपी ने दोस्ती को प्यार में बदलने का भरोसा दिलाया.
पीड़िता का कहना है कि एक दिन आरोपी उसे बहाने से कमरे पर ले गया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया गया. होश आने पर उसने विरोध किया तो आरोपी ने शादी का भरोसा देकर मामला शांत कराया.
प्रेग्नेंसी के बाद शादी का किया वादा
करीब एक माह बाद जब प्रेग्नेंसी का पता चला तो आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा. पीड़िता का आरोप है कि उसे एक जगह ले जाया गया, जहां दो दोस्तों की मौजूदगी में शादी का दावा किया गया. परिवार से मिलवाने की बात टालते हुए आरोपी साथ रहने और इलाज का खर्च उठाने का भरोसा देता रहा.
पीड़िता ने 2 फरवरी को एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया. आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे नौबस्ता इलाके में किराए के कमरे में रखा. तीन दिन तक पति की तरह साथ रहा, फिर दवा लेने का बहाना बनाकर चला गया और वापस नहीं लौटा.
धमकी दी, फिर फोन बंद कर लिया
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने फोन बंद कर लिया और उसके दोस्तों ने भी संपर्क तोड़ दिया. बाद में संपर्क होने पर आरोपी ने कहा कि 'तुम पत्नी नहीं हो, अपनी बेटी के साथ जाकर मर जाओ.' इसके बाद पीड़िता मानसिक रूप से परेशान है. फिलहाल वह नवजात बेटी के साथ आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रही है.
पूरे मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
पीड़िता ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही एसीपी विभूति खंड और 18 फरवरी को ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार से भी मुलाकात कर न्याय की मांग की है. एसएचओ दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.