scorecardresearch
 

कोठी के अंदर 'कोठा'...कानपुर के पॉश इलाके में बाहर से लाई गई लड़कियों का धंधा

कानपुर में घनी आबादी और पॉश इलाकों के भीतर कथित अवैध गतिविधियों के नेटवर्क को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है. रावतपुर के होटल में कार्रवाई के 48 घंटे के भीतर कल्याणपुर के एक रिहायशी इलाके में छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. लगातार हो रही कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर कई सवाल और चर्चाएं तेज हो गई हैं.

Advertisement
X
कानपुर के पोश इलाके में सेक्स रैकेट (Photo: itg)
कानपुर के पोश इलाके में सेक्स रैकेट (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के कानपुर में कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. रावतपुर इलाके में एक होटल से कथित सेक्स रैकेट का खुलासा होने के महज 48 घंटे बाद अब कल्याणपुर क्षेत्र के एक पॉश इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर एक और संदिग्ध नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है. इस कार्रवाई में एक युवती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 

जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर क्षेत्र के एक रिहायशी मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं. स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां बाहर से लोगों का लगातार आना-जाना बना रहता था, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल था. इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को कोठी पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को मौके से एक युवती और तीन अन्य लोग मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. बाद में चारों को गिरफ्तार कर लिया गया.'

छापेमारी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हलचल मच गई. बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में यह कार्रवाई हुई, वहां अधिकतर अधिकारी और कारोबारी वर्ग के लोग रहते हैं. अचानक पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई को देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए.

Advertisement

पुलिस को शुरुआती सूचना मिली थी कि कथित तौर पर बाहर से महिलाओं और लड़कियों को लाकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. हालांकि पूरे मामले की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

इससे पहले रावतपुर इलाके के एक होटल में भी पुलिस ने कार्रवाई की थी. वहां से तीन महिलाओं समेत चार लोगों को पकड़ा गया था. जांच के दौरान यह बात भी सामने आई थी कि कथित तौर पर यहां आने वाले लोगों की गतिविधियों को गुप्त कैमरों के जरिए रिकॉर्ड किया जा रहा था.

मामले पर एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है. गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे. पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement