Uttar Pradesh News: हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के टोला गांव में घरेलू विवाद के चलते पति 'फूल' ने अपनी पत्नी 'पाना' पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने पहले पत्नी को अधमरा होने तक पीटा और फिर हैवानियत की हदें पार करते हुए अपने दांतों से महिला की नाक और गाल का मांस काटकर अलग कर दिया.
यह घटना बीते रात की है, जिसके बाद घायल महिला को पहले सीएचसी और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. फिलहाल, आरोपी पति फरार है और पुलिस पीड़ित महिला के भाई अमरुद्दीन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है.
गाल में 10 टांके, नाक की होगी प्लास्टिक सर्जरी
मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार, महिला की हालत काफी गंभीर है. उसके गाल में आए गहरे घाव को भरने के लिए डॉक्टरों ने कम से कम दस टांके लगाए हैं. वहीं, नाक का मांस पूरी तरह कटकर अलग हो जाने के कारण डॉक्टरों ने चेहरा ठीक करने के लिए प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है. पीड़िता का भाई, जो चिकासी थानाक्षेत्र के बिरहट गांव का निवासी है, उसने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर तकरार होती रहती थी, लेकिन इस बार विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया.
पुलिस की गिरफ्त से बाहर आरोपी पति
राठ कोतवाली के पुलिस इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति के खिलाफ उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके. इस दर्दनाक घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है.