scorecardresearch
 

होली से पहले हाथरस में दर्दनाक हादसा: कार सवारों को डबल डेकर बस ने मारी टक्कर, 6 की मौत

हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 141 पर डबल डेकर बस और ईको कार की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई. कार में 16 लोग सवार थे. हादसे के बाद बस चालक, सहचालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार ओवरटेकिंग के दौरान लापरवाही से दुर्घटना हुई. घायलों को आगरा रेफर किया गया है.

Advertisement
X
हाथरस में दर्दनाक हादसा (Photo: itg)
हाथरस में दर्दनाक हादसा (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आधा दर्जन लोगों की जान चली गई. सादाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला हरिया के पास माइलस्टोन 141 पर यह दुर्घटना सुबह करीब 4:20 बजे हुई. जानकारी के अनुसार नोएडा से आगरा जा रही एक ईको कार को पीछे से आ रही नोएडा से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ने जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में पांच की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को रेस्क्यू कर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया.

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला और राहत कार्य शुरू कराया. पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक ओवरस्पीड में ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ.

Advertisement

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक, सहचालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. बस को भी कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.  
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement