उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार सुबह एक कारोबारी की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया. फार्म हाउस के एक कमरे में खून से लथपथ पड़े अमरीश श्रीवास्तव को जिसने भी देखी, सन्न रह गया. पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है.
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के 40 साल के बेटे अमरीश श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने पार्क रोड स्थित घर से कुसम्ही स्थित फार्म हाउस पहुंचे थे. वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से वहां आए और सीधे ऊपर की मंजिल पर चले गए. बताया जा रहा है कि उस समय वह मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहे थे.
इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे फार्म हाउस में मौजूद कर्मचारी घबरा गए. वे तुरंत ऊपर पहुंचे तो देखा कि अमरीश जमीन पर गिरे हुए हैं और उनके आसपास खून फैला हुआ है. उनके हाथ में पिस्टल थी और गोली उनके मुंह में लगी थी. मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसएसपी डॉ. कौष्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की. साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है.
पुलिस के मुताबिक, अमरीश टेंट हाउस और ठेकदारी का काम करते थे. उनकी कंपनी ‘एके टेंट हाउस’ बड़े आयोजनों में सेवाएं देती थी, यहां तक कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में भी उनके टेंट लगाए जाते रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके.