scorecardresearch
 

बहन और मां पर गलत नजर का आरोप, रिश्ते में लगने वाले मामा की हत्या में भांजे की साजिश का खुलासा

गाजियाबाद में मामा की हत्या के मामले में भांजा और परिजनों की साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस ने तीन आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया. आरोप है कि पारिवारिक विवाद और गंभीर आरोपों के चलते हत्या की योजना बनाई गई और गोली मारकर हत्या कर दी गई.

Advertisement
X
युवक की गोली मारकर हत्या (File Photo: Mayank Gaur/ITG)
युवक की गोली मारकर हत्या (File Photo: Mayank Gaur/ITG)

गाजियाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया. कविनगर थाना पुलिस ने 9 अप्रैल 2026 को बम्हेटा क्षेत्र में हुई जितेंद्र उर्फ कालू की गोली मारकर हत्या के मामले में तीन आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 बोर की देशी पिस्टल, 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है.

इस मामले की शुरुआत तब हुई जब पुलिस को इलाके के एक नाले में एक युवक का शव मिला था. पोस्टमार्टम में सामने आया कि मृतक को चार गोलियां मारी गई थीं. इसके बाद मृतक की पत्नी शीतल चौहान ने थाना वेव सिटी में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात हमलावरों ने उनके पति की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वाट टीम और कविनगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई. सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 19 अप्रैल को महागुन सोसाइटी के पीछे कच्चे रास्ते से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी गौरव, मृतक जितेंद्र का फुफेरा भाई है. उसने आरोप लगाया कि जितेंद्र उसकी नाबालिग बहन और मां के साथ गलत संबंध बनाने की कोशिश करता था. विरोध करने पर उसने गौरव के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से बेइज्जती भी की थी. इसके अलावा जितेन्द्र पर अपने भांजे विशांत की पत्नी के साथ जबरदस्ती करने का आरोप भी सामने आया.

Advertisement

भांजे और परिजनों ने मिलकर रची हत्या की साजिश

इन घटनाओं से नाराज होकर परिवार के लोगों ने मिलकर हत्या की साजिश रची. आरोपियों ने बताया कि फरवरी 2026 में भी उन्होंने जितेंद्र पर हमला किया था, लेकिन वह बच गया था. इसके बाद 9 अप्रैल को एक सुनियोजित योजना के तहत उसे मारने का फैसला किया गया.

योजना के अनुसार, विशांत को डायमंड फ्लाईओवर के पास शराब के नशे में होने का नाटक कर सड़क किनारे लिटा दिया गया. फिर फोन कर जितेन्द्र को वहां बुलाया गया. जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, विशांत ने उसकी आंखों में पिसी हुई लाल मिर्च डाल दी. इसी दौरान गौरव ने पिस्टल से उस पर कई गोलियां चलाईं. घायल होकर जितेन्द्र नाले में गिर पड़ा, जहां पहले से मौजूद बॉबी ने तमंचे से उस पर फिर से फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर किया खुलासा

हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए और हथियारों को औद्योगिक क्षेत्र की झाड़ियों में छिपा दिया. मृतक का मोबाइल भी रास्ते में फेंक दिया गया. हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी ज्यादा दिन बच नहीं सके और गिरफ्तार कर लिए गए. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं. एसीपी कविनगर सूर्य बली मौर्य के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है. यह मामला दिखाता है कि जब रिश्तों में अविश्वास और बदले की भावना बढ़ जाती है, तो उसका परिणाम कितना खतरनाक हो सकता है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement