scorecardresearch
 

दाढ़ी-लंबे बाल पर जुर्माना, महिलाओं के लिए जूड़ा अनिवार्य... लखनऊ के लोहिया संस्थान में अजीब फरमान; आउटसोर्सिंग कर्मचारियों में आक्रोश

लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आउटसोर्सिंग एजेंसी ने कर्मचारियों के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया है. दाढ़ी बढ़ाने, लंबे बाल रखने या वर्दी न पहनने पर भारी जुर्माना तय किया गया है. इस आदेश के बाद संस्थान के करीब 4000 कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए इसे भेदभावपूर्ण करार दिया है.

Advertisement
X
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (File Photo)
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (File Photo)

लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की आउटसोर्सिंग एजेंसी ने हाल ही में अपने 4000 कर्मचारियों के लिए नए अनुशासन नियम जारी किए हैं. इन निर्देशों के तहत पुरुष कर्मचारियों के दाढ़ी रखने या लंबे बाल होने पर 200 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है. 

वहीं, महिला कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के दौरान बालों में जूड़ा या हेयरनेट न पहनने पर भी 200 रुपये दंड का प्रावधान है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है ताकि संस्थान की मर्यादा बनी रहे. नियमों का उल्लंघन करने पर वेतन से कटौती और गंभीर मामलों में बर्खास्तगी की चेतावनी भी दी गई है.

नियम टूटने पर जेब होगी ढीली

आदेश के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान आईकार्ड या नेमप्लेट न लगाने पर 100 रुपये और वर्दी न पहनने पर 200 रुपये प्रतिदिन जुर्माना लगेगा. कार्यस्थल पर सोने, धूम्रपान या शराब का सेवन करने पर 500 रुपये दंड के साथ एफआईआर तक की कार्रवाई हो सकती है. बिना सूचना के गायब रहने पर 500 से 2000 रुपये तक का जुर्माना तय है. इसके अलावा, कंप्यूटर ऑपरेटरों को ड्यूटी के दौरान अपने मोबाइल फोन जमा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.

Advertisement

कर्मचारियों ने बताया मनमाना फैसला

इस फरमान के सामने आते ही कर्मचारियों में उबाल है. उनका तर्क है कि केजीएमयू और पीजीआई जैसे बड़े संस्थानों में आउटसोर्स कर्मचारियों पर ऐसे नियम नहीं थोपे गए हैं. कर्मचारियों का कहना है कि यह निर्णय व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हनन और भेदभावपूर्ण है. वे इस आदेश को तुरंत वापस लेने की मांग कर रहे हैं. संस्थान में तैनात हजारों कर्मचारी अब इस आर्थिक दंड और सख्त पाबंदियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन की रणनीति बना रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement