scorecardresearch
 

'अब फायरिंग-गुंडई नहीं करेंगे...', गिरफ्तारी के बाद हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाए आरोपी

चंदौली में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते और आगे से गुंडई व फायरिंग नहीं करने की बात कहते नजर आए. पुलिस जांच में फिरौती का दावा गलत निकला है. वहीं, आरोपियों ने लड़की को लेकर विवाद में फायरिंग की बात कबूल की है.

Advertisement
X
पुलिस ने तमंचा और बुलेट बाइक बरामद की.(Photo: Uday Gupta/ITG)
पुलिस ने तमंचा और बुलेट बाइक बरामद की.(Photo: Uday Gupta/ITG)

उत्तर प्रदेश के चंदौली में 17 मई को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. अलीनगर थाना क्षेत्र के खजूर गांव निवासी रितेश पासवान पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी में आरोपी हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते नजर आए और आगे से फायरिंग व गुंडई नहीं करने की बात कहते दिखाई दिए. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.

पुलिस कस्टडी में मौजूद तीनों युवक लंगड़ाकर चलते दिखाई दिए. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे और दोबारा ऐसी घटना न करने की बात कहते रहे. पुलिस के अनुसार, 17 मई को रितेश पासवान पर कुछ युवकों ने फायरिंग की थी और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे.

यह भी पढ़ें: चंदौली में सड़क चौड़ीकरण के लिए बुलडोजर एक्शन, 280 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए गए

शुरुआत में रितेश पासवान ने पुलिस को बताया था कि उससे 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने के लिए उसके ऊपर फायरिंग की गई थी. लेकिन जब पुलिस ने मामले की जांच कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तो घटना के पीछे की असली वजह सामने आई.

प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद, फिर चली गोली

पुलिस पूछताछ में पता चला कि रवि किशन नाम का युवक एक लड़की से प्रेम करता था. बाद में उसी लड़की का अफेयर रितेश पासवान से भी हो गया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते रवि किशन अपने दो दोस्तों अंकित और मृत्युंजय के साथ रितेश के घर पहुंचा और वहां फायरिंग कर दी.

Advertisement

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में रितेश पासवान को कोई चोट नहीं आई. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

डिप्टी एसपी डीडीयू नगर चंदौली अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 17 मई को खजूर गांव निवासी रितेश पासवान पर दो बाइक सवार पांच लोगों ने गोली चलाई थी. इस मामले में थाना अलीनगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था.

पुलिस ने तमंचा और बुलेट बाइक बरामद की

डिप्टी एसपी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी अंकित यादव, रवि यादव और मृत्युंजय को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल और एक तमंचा बरामद किया गया है. मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शुरुआती दौर में जो फिरौती की बात कही गई थी, वह विवेचना में गलत पाई गई. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पूरा मामला एक महिला को लेकर हुए विवाद से जुड़ा था.

पुलिस के अनुसार महिला को लेकर रितेश और रवि यादव के बीच बहस हुई थी. इसी के बाद आरोपी वहां पहुंचे और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement