उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गिनोरा शेख गांव में कुआं पूजन और जागरण के कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए. देर रात शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार गांव में एक दलित परिवार के यहां बच्चे के जन्म के अवसर पर कुआं पूजन और जागरण का कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम में डीजे बजाया जा रहा था. इसी दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने डीजे की आवाज को लेकर आपत्ति जताई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई.
दलित परिवार के घर में घुसकर मारपीट का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुस्लिम पक्ष के कुछ दर्जन लोग उनके घर में घुस आए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद दिखाई दे रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लिया. एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शांति व्यवस्था कायम है.
घटना का वीडियो वायरल, गांव में तनाव का माहौल
पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.