scorecardresearch
 

लिफ्ट के बहाने जंगल ले गया, लूट का विरोध किया तो पत्थर से कुचलकर हत्या… मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

यूपी के बिजनौर में 70 साल की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. आरोपी युवक ने पहले महिला को लिफ्ट दी, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
महिला के चेहरे पर मिले थे चोटों के निशान. (File Photo: ITG)
महिला के चेहरे पर मिले थे चोटों के निशान. (File Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर के शेरकोट क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दबोचा, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई. फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

घटना 11 अप्रैल 2026 की है, जब शेरकोट-अफजलगढ़ मार्ग से करीब 200 मीटर अंदर जंगल में 70 साल की महिला का शव मिला था. महिला के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि हत्या की गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान नहटौर निवासी जीशान के रूप में की. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

यह भी पढ़ें: दबाव बना रहा था- पांव पकड़कर माफी मांगो, भड़के युवक ने दबा दिया ट्रिगर: बेगूसराय हत्याकांड की कहानी

आरोपी ने बताया कि उसने धामपुर के एक अस्पताल से बुजुर्ग महिला को लिफ्ट दी थी. इसके बाद वह उसे अफजलगढ़ हाईवे के पास सुनसान जंगल में ले गया, जहां उसने लूट का प्रयास किया. जब महिला ने विरोध किया तो उसने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी.

Advertisement

bijnor elderly woman murder robbery accused arrested encounter

पुलिस आरोपी को घटना से जुड़े सबूतों की बरामदगी के लिए लेकर गई थी. इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, करीब 2000 रुपये कैश, एक तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद किया है. घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया जा चुका है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई केस दर्ज हैं. मुठभेड़ के मामले में अलग से केस दर्ज किया जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement