
हाल में उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से साइबर अपराध का एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन ठगी और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर एक महिला ने अपनी जान दे दी. यह घटना केवल ठगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि किस तरह 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे झांसे के जरिए अपराधी लोगों को मानसिक रूप से तोड़ देते हैं.
घटना का पूरी तरह खुलासा होने के बाद एक सुसाइड नोट भी मिला जो दिल कचोट देने वाला है.
बच्चियों को सोता छोड़ मां ने दे दी जान
कोतवाली शहर क्षेत्र के फरीदपुर भोगी गांव की रहने वाली 28 साल की मोनिका, पत्नी रणधीर, ने 27- 28 अप्रैल की रात अपने घर के एक कमरे में फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. उस समय उसकी दो बेटियां- 8 साल की जिया और 11 साल की नंदनी, उसी कमरे में सो रही थीं. सुबह जब बच्चियां जागीं, तो उन्होंने मां को इस हालत में देखा और उनकी चीख सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती तौर पर परिजनों को मामला संदिग्ध लगा और सामाजिक कारणों से पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया गया.
श्मशान घाट में आया वीडियो कॉल
हालांकि, मामला तब गंभीर मोड़ पर पहुंचा जब अंतिम संस्कार के दौरान मोनिका के मोबाइल पर लगातार वीडियो कॉल आने लगे. मृतका के भतीजे संयोग ने बार- बार के फोन से तंग आकर आखिर उसे उठाया तो सामने वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति दिखा, जिसने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताते हुए मोनिका से बात कराने की मांग की और मना करने पर कार्रवाई की धमकी दी. इससे परिजनों को साइबर ठगी की आशंका हुई.

अलग-अलग नंबरों से कॉल, मैसेज और रिकॉर्डिंग
घर लौटने पर जब कमरे को छाना गया तो एक डायरी में रखा नोट मिला, जिसमें मोनिका ने एक अज्ञात युवक द्वारा लगातार फोन कर परेशान करने, ब्लैकमेल करने और धमकाने की बात लिखी थी. मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप पर पांच अलग-अलग नंबरों से कॉल, मैसेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलीं. इनमें कुछ लोग खुद को अधिकारी बताकर डराते थे, तो कुछ महिला पर गंभीर आरोप लगाकर उसे मानसिक दबाव में डालते थे.
'दोबारा जन्म मिला तो आपकी ही पत्नी बनूंगी'
नोट में लिखा एक एक शब्द दिल दुखाने वाला था. मोनिका ने सबसे ऊपर लिखा- 'सॉरी, माई डियर हस्बैंड, आई लव यू पति देव जी. आपसे बहुत सारी बात करनी है. कई दिन से एक लड़का परेशान कर रहा है. ब्लैकमेल कर रहा है. प्लीज मेरे बच्चों को ख्याल रखना... दोबारा जन्म मिला तो आपकी ही पत्नी बनूंगी. हमारी एनिवर्सरी आ रही है, साथ न रहने के लिए सॉरी. मेरे मम्मी पापा का ख्याल रखना.'
'सॉरी जिया... मम्मा को मरना ही पड़ेगा'
आखिर में मोनिका ने अपनी बेटी का नाम लेते हुए लिखा- 'सॉरी जिया... मम्मा को मरना ही पड़ेगा... उस लड़के ने परेशान कर रखा है आपकी मम्मा को.' इस मामले में रणधीर की शिकायत पर कोतवाली शहर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल डेटा के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं. यह घटना साइबर अपराध के खतरनाक रूप को उजागर करती है, जहां डर और दबाव के जरिए लोगों को जाल में फंसाया जाता है. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करना जरूरी है.