scorecardresearch
 

शादी की खबर सुनते ही पागल हुआ सिरफिरा आशिक, युवती पर खिड़की से फेंका तेजाब

बस्ती में एकतरफा प्यार में नाकाम युवक ने शादी से पहले युवती पर तेजाब फेंक दिया. आरोपी मुरादाबाद का रहने वाला है और युवती पर शादी का दबाव बना रहा था. इंकार के बाद खिड़की से सो रही युवती पर तेजाब फेंक कर फरार हो गया. गंभीर रूप से झुलसी युवती का अस्पताल में इलाज जारी है, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
X
दोनों की जान पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी.(Photo: Representational)
दोनों की जान पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी.(Photo: Representational)

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एकतरफा प्यार में नाकाम युवक द्वारा युवती पर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस हमले में युवती का चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं. बताया जा रहा है कि युवती की शादी कुछ ही दिनों में होने वाली थी, लेकिन इस घटना ने उसके सपनों पर पानी फेर दिया.

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक मुरादाबाद का रहने वाला है और सोशल मीडिया के जरिए उसकी युवती से पहचान हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों की दोस्ती हो गई, लेकिन युवक इस रिश्ते को प्रेम समझ बैठा और युवती से शादी का दबाव बनाने लगा. युवती ने जब इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो आरोपी ने बदला लेने की ठान ली.

यह भी पढ़ें: बस्ती: पत्नी से तलाक के बाद युवक ने की 9 KM दंडवत यात्रा, घुटने हुए लहूलुहान, पूजा-अर्चना कर भगवान का जताया 'आभार'

परिवार के मुताबिक युवती की शादी कहीं और तय होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने उसे धमकी भी दी थी कि यदि उसने किसी और से शादी की तो वह उसे जान से मार देगा.

खिड़की से सो रही युवती पर तेजाब फेंका

Advertisement

घटना वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सिसवारी गांव की है. सुबह के समय युवती अपने घर में खिड़की के पास सो रही थी, तभी आरोपी ने घर की खिड़की से उस पर तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. तेजाब पड़ते ही युवती गंभीर रूप से झुलस गई.

हमले के बाद घर में हड़कंप मच गया और परिजनों ने तुरंत युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार युवती का चेहरा और हाथ बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजन आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी

मामले में डिप्टी एसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पीड़िता के भाई सेराज अहमद की तहरीर पर आरोपी सलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया.

पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि भोर में आरोपी ने खिड़की से उसकी बहन पर तेजाब फेंका और फरार हो गया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है.

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement