उत्तर प्रदेश के बांदा से शादी के मंडप से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. यहां दहेज में कार की मांग को लेकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई. इस घटना की चर्चा अब पूरे जिले में हो रही है.
देश में इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है और तरह-तरह की कहानियां सामने आ रही हैं. इसी बीच बांदा के इस मामले ने सबको चौंका दिया. बताया जा रहा है कि बारात आने से ठीक पहले दूल्हे पक्ष ने अचानक दहेज में कार की मांग कर दी, जिससे माहौल गरमा गया.
यह भी पढ़ें: प्रिंसिपल का डंडा, मासूम की चीखें... बांदा में पिटाई से सहमा छात्र और लहूलुहान हालत में पहुंचा घर
अचानक कार की मांग से शुरू हुआ विवाद
मामला जिले के अतर्रा कोतवाली क्षेत्र का है. पीड़ित परिवार के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी की शादी कस्बे के ही एक युवक से तय की थी. शादी की तैयारियां चल रही थीं और कई रस्में भी पूरी हो चुकी थीं. बारात आने की तैयारियां चल रही थीं कि तभी दूल्हे पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज में कार की मांग कर दी.
दुल्हन पक्ष ने इस मांग पर आपत्ति जताई और कहा कि तिलक कार्यक्रम में जो भी मांग की गई थी, उसे पहले ही पूरा किया जा चुका है. ऐसे में अब अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग को पूरा करना संभव नहीं है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
दुल्हन के फैसले ने सबको चौंकाया
हंगामे की खबर जब दुल्हन तक पहुंची तो उसने एक ऐसा फैसला लिया जिसने सभी को हैरान कर दिया. दुल्हन ने दहेज की मांग को गलत बताते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया. उसके इस फैसले के बाद माहौल और भी गरमा गया.
इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही और उसने शादी करने से साफ मना कर दिया.
बैरंग लौटी बारात, पंचायत भी बेनतीजा
दुल्हन के इनकार के बाद आखिरकार बारात को बिना शादी के ही वापस लौटना पड़ा. मामले को सुलझाने के लिए पंचायत भी बैठाई गई, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका.
अतर्रा कोतवाली के पुलिस अधिकारी एसओ संजीव चौबे ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया था. दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में तहरीर दी जाती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं दुल्हन के फैसले की कई लोग सराहना भी कर रहे हैं.