उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है. आरोप है कि पति ने अवैध संबंधों के विवाद में पत्नी को बिजली का करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शादी के बाद से करता था प्रताड़ित
घटना गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे रामदीन गांव की है. यहां की रहने वाली चेतना की शादी वर्ष 2014 में अमेठी कोतवाली क्षेत्र के लोहरता स्थित पूरे शिव गुलाम निवासी उमाकांत शुक्ला से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ साल बाद उमाकांत शुक्ला प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक बन गया. दंपति का एक छह साल का बेटा भी है. आरोप है कि पति शादी के बाद से ही चेतना को प्रताड़ित करता था.
पति पर शिक्षामित्र से संबंध का आरोप
मृतका के परिजनों का कहना है कि उमाकांत शुक्ला का जामो ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक शिक्षामित्र से कई वर्षों से संबंध था. चेतना इस संबंध का विरोध करती थी और इसकी जानकारी उसने अपने परिवार को भी दी थी. आरोप है कि विरोध करने पर पति ने उसे पूरे शरीर में करंट लगाकर हत्या कर दी.
नौकरी लगने के बाद बदला व्यवहार
मृतका के पिता कृष्ण कुमार पांडे ने आरोप लगाया कि दामाद अक्सर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. उन्होंने कहा कि शादी के समय वह शिक्षक नहीं था, लेकिन नौकरी मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और शिक्षामित्र से संबंधों को लेकर विवाद बढ़ता गया.
घटना के संबंध में सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.