उत्तर प्रदेश के आगरा में रिश्तों के टूटने और भरोसे के बिखरने की एक दर्दनाक कहानी सामने आई है. ताजगंज थाना क्षेत्र में एक युवती ने आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने एक पुलिस कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाए. युवती ने कहा कि उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. युवती की मौत के बाद यह मामला चर्चा में आ गया और पुलिस विभाग भी सवालों के घेरे में आ गया.
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, युवती आगरा में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. आरोपी कांस्टेबल की पहचान जेबी गौतम के रूप में हुई है, जो ताजगंज थाने में तैनात था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से संबंध थे और युवती का आरोप था कि कांस्टेबल ने शादी का वादा किया था.
शादी का भरोसा देकर बनाता रहा संबंध
आत्महत्या से पहले युवती ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया. इस वीडियो में उसने कांस्टेबल जेबी गौतम पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए. युवती का कहना था कि शादी का भरोसा देकर उससे कई बार संबंध बनाए गए, लेकिन बाद में उससे दूरी बनाई जाने लगी.
'वो पुलिसवाला है तो कोई कार्रवाई नहीं होगी?'
वीडियो में लड़की कह रही है कि 'जेबी गौतम ने मुझे चार साल बीवी बना कर रखा और अब छोड़ दिया. शादी करने को कहती हूं तो कहता है कि परिवार नहीं मानेगा. उसका भाई भी एक लड़की के साथ ऐसा ही कर रहा है.उसपर कोई कार्रवाई नहीं होगी क्योंकि वह पुलिस वाला है. जेबी गौतम और उसका परिवार मेरे मरने की वजह होगा. जीते जी न मिला लेकिन मुझे मरने के बाद इंसाफ मिलना चाहिए.'
कांस्टेबल को किया जा चुका गिरफ्तार
वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी अली अब्बास ने तत्काल विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद आरोपी कांस्टेबल जेबी गौतम को निलंबित कर दिया गया.
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है . फिलहाल युवती के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.