
अक्सर लोगों को पुराने घर का रेनोवेशन करते हुए कुछ ऐसी चीजें मिल जाती हैं कि वे हैरान रह जाएं या खौफ में आ जाएं. कई बार देखा गया कि लोगों को किसी पुराने घर की दीवार में दशकों पुराना बोतल बंद मैसेज मिला तो कभी पूरा का पूरा तहखाना. ऐसी चीजों को देखकर आंखे चमक उठती हैं या डर लग जाता है. लेकिन हाल में एक पुराने घर के बाथरूम जो मिला उसे देखकर तो किसी को भी सबसे पहले भागने का ख्याल आएगा.
वाशिंगटन में घर की रीमॉडलिंग के काम में जुटे एक ठेकेदार ने जब बाथरूम से एक बाथटब को हटाया तो उसे दीवार में छुपा एक बॉक्स दिखा. इस डब्बे में जो दिखा उससे ठेकेदार के होश ही उड़ गए.
दरअसल, ये एक ग्रेनेड था यानी हथगोला बारूद. पोलर बियर कंस्ट्रक्शन के मालिक वादिम खारखवी ने कहा कि उन्होंने सिएटल के बैलार्ड में घर की तीसरी मंजिल के बाथरूम में टब के पीछे एक डब्बे में ग्रेनेड देखा तो पहला ख्याल आया कि यहां से भागो.
वह वहां से भागे भी लेकिन बाद में लौटे और उन्होंने उसका वीडियो बनाया. उन्होंने अपनी कंपनी के टिकटॉक पेज पर पोस्ट किया.

उन्होंने कहा, 'मैं वहां से घबराकर भागा, बाहर जाकर सांस ली और फिर वापस अंदर गया और उसका वीडियो रिकॉर्ड किया. मैंने अपने फोन को ज़ूम इन किया और ग्रेनेड को करीब से देखा, मुझे ऐसा लगा जैसे यह एक वास्तविक भयानक ग्रेनेड है.
बाद में सिएटल पुलिस विभाग का बम स्क्वाड वहां पहुंचा और उन्होंने पुष्टि की कि वो चीज सचमुच का ग्रेनेड थी, लेकिन यह अनएक्टिव थी.'
खारखवी ने कहा कि पुलिस ने (द्वितीय विश्व युद्ध) के बारे में बताया कि कैसे उस समय कुछ लोग कभी इस घर में आए थे और उन्हीं में से किसी ने इसे वहां रखा होगा और वह भूल गया होगा.