scorecardresearch
 

तस्वीरों में दिखा डोनाल्ड ट्रंप की गर्दन पर लाल निशान, सेहत को लेकर शुरू हुई चर्चा

सोशल मीडिया पर ट्रंप की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उनकी गर्दन पर लाल निशान दिखाई दे रहे हैं. इस तस्वीर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे.

Advertisement
X
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार चर्चा होती रही है (Photo:AP)
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार चर्चा होती रही है (Photo:AP)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गर्दन पर दिखे लाल निशान ने इस हफ्ते फोटोग्राफरों और मीडिया का ध्यान खींच लिया. सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाए गए. व्हाइट हाउस के डॉक्टर ने बताया कि यह निशान एक सामान्य स्किन क्रीम के इस्तेमाल की वजह से हुआ है, जो एहतियाती इलाज के तौर पर दी गई है. सोमवार को व्हाइट हाउस में आयोजित मेडल ऑफ ऑनर समारोह के दौरान ली गई तस्वीरों में ट्रंप की गर्दन के दाईं ओर कॉलर के ऊपर लाल पैच दिखाई दिया था. इसके बाद 79 वर्षीय राष्ट्रपति की सेहत को लेकर सवाल उठने लगे.

एक हफ्ते तक चलेगा इलाज
कार्यक्रम के बाद जारी बयान में व्हाइट हाउस के डॉक्टर डॉ. सीन बार्बाबेला ने कहा कि यह लालिमा एक सामान्य त्वचा उपचार से जुड़ी है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप गर्दन के दाईं ओर एक सामान्य क्रीम का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसे डॉक्टर ने एहतियात के तौर पर दिया है. डॉक्टर के मुताबिक यह इलाज सिर्फ एक हफ्ते तक चलेगा, लेकिन क्रीम के कारण लाल निशान कुछ हफ्तों तक दिखाई दे सकता है. हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस बात की अतिरिक्त जानकारी नहीं दी कि किस समस्या के इलाज के लिए यह क्रीम दी गई है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी करोलाइन लेविट ने भी कहा कि डॉक्टर के बयान के अलावा उनके पास इस मामले में और कोई जानकारी नहीं है.

मेडिकल रिपोर्ट में भी स्किन ट्रीटमेंट का जिक्र
एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, अप्रैल 2025 में ट्रंप की मेडिकल जांच रिपोर्ट में मोमेटासोन क्रीम के इस्तेमाल का जिक्र था. यह एक टॉपिकल स्टेरॉयड क्रीम है, जिसे आमतौर पर त्वचा में जलन या सूजन के इलाज के लिए दिया जाता है.

Advertisement

डॉ. बार्बाबेला पहले भी कई बार कह चुके हैं कि राष्ट्रपति की कुल मिलाकर सेहत मजबूत है. पिछले साल वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुई जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया था कि ट्रंप के दिल और पेट के स्कैन पूरी तरह सामान्य पाए गए.

उम्र को लेकर भी उठते रहे सवाल
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार चर्चा होती रही है, खासकर उनकी उम्र को लेकर. जनवरी में शपथ लेते समय वह अमेरिकी इतिहास में सबसे ज्यादा उम्र के राष्ट्रपति बने थे. कभी-कभी उनके हाथों पर चोट के निशान और पैरों में सूजन भी देखी गई है. ट्रंप ने पहले हाथों के निशान की वजह एस्पिरिन के नियमित इस्तेमाल को बताया था. वहीं पैरों की सूजन को लेकर डॉक्टरों ने कहा था कि उन्हें क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी नाम की सामान्य समस्या है, जो उम्र बढ़ने के साथ कई लोगों में देखी जाती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement