scorecardresearch
 

महंगाई डायन खाए जात है... चौथी बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, लोगों को याद आया ये गाना

मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें पिछले 10 दिनों में चार बार बढ़ चुकी हैं. लगातार महंगे होते ईंधन के कारण आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और सोशल मीडिया पर महंगाई को लेकर जमकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

Advertisement
X
ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रहा है (Photo: ITG)
ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रहा है (Photo: ITG)

अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के बाद मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव का असर अब दुनिया भर की अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है. एक्सपर्ट्स पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि इस संघर्ष का असर सिर्फ युद्ध वाले क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा. अब भारत में भी इसकी झलक देखने को मिल रही है. लगातार बढ़ती तेल कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है और देश में महंगाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

पिछले 10 दिनों में तेल कंपनियों ने चौथी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है. चार साल तक कीमतों को लगभग स्थिर रखने के बाद कंपनियों ने पहली बार 15 मई 2026 को ईंधन के दाम बढ़ाए थे. इसके बाद कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है.

अब तक चार चरणों में हुई बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल 7 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा महंगे हो चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 मई को पहली बार करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी. इसके बाद 19 मई और 23 मई को लगभग 90-90 पैसे दाम बढ़ाए गए. वहीं 25 मई को चौथी बार कीमतों में 2.46 से 2.87 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया.

ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रहा है. सोमवार (25 मई 2026) को जैसे ही नई कीमतों की खबर सामने आई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों ने नाराजगी जतानी शुरू कर दी.

Advertisement

कई यूजर्स ने फिल्म पीपली लाइव का मशहूर गाना “सखी, सैंया तो खूब ही कमात हैं, महंगाई डायन खाए जात है. शेयर करते हुए मौजूदा हालात पर तंज कसा. यूजर सुनील कुमार मीना समेत कई लोगों ने इस गाने की क्लिप पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी.

एक अन्य यूजर (@kutkutiya28) ने लिखा, “महंगाई डायन आए जात है.” वहीं एक दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा-Fuel hike this year 8%, My salary hike 2%,” और इसके साथ एक मीम भी शेयर किया.

फरीदाबाद के एक पेट्रोल पंप पर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली. एक व्यक्ति ने कहा कि महंगाई पहले से ही बहुत ज्यादा है और सरकार को गरीब और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर फैसले लेने चाहिए.

वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि अगर हर दिन कीमतें बढ़ती रहेंगी, तो आम लोग कैसे अपना खर्च चलाएंगे, ऑफिस जाएंगे और अपनी लाइफस्टाइल बनाए रख पाएंगे?

 साथ ही एक बार फिर से लोगों को इस वीडियो की याद आ गई.

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है. फरवरी 2026 में शुरू हुए ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. यही कारण है कि दुनिया भर में क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से ऊपर गई हैं.

Advertisement

तेजी से बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों के बजट पर असर डालना शुरू कर दिया है और सोशल मीडिया पर महंगाई को लेकर बहस लगातार तेज होती जा रही है.

कितनी बढ़ी तेल की कीमतें

तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया है. इसके बाद दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.12 और डीजल की कीमत ₹95.20 हो गई है. इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है. ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे, जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement