पाकिस्तानी महिला अजीमा एहसान ने अपने डांस वीडियो से इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. इस वीडियो का संदेश बस इतना सा है कि तलाक के बाद जिंदगी खत्म नहीं होती. किसी भी महिला के लिए तलाक का मतलब यह नहीं कि उसकी जिंदगी खत्म हो गई हो.
डांस में झलकी आजादी की चमक
अजीमा, जो तीन बच्चों की सिंगल मदर हैं, कोक स्टूडियो पाकिस्तान के गाने 'Maghron La' पर एक इवेंट में शानदार अंदाज में डांस करती नजर आईं. पारंपरिक पोशाक में उनकी ग्रेसफुल पेशकश ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. वीडियो पर टेक्स्ट ओवरले में लिखा गया—'तलाकशुदा पाकिस्तानी मां के लिए इससे बेहतर गाना और कौन सा हो सकता है?'
समाज को करारा जवाब
अपनी पोस्ट के कैप्शन में अजीमा ने तलाक को लेकर समाज की सोच पर करारा जवाब देते हुए लिखा—पाकिस्तानी समाज में तलाक को मौत की सजा जैसा माना जाता है, खासकर महिलाओं के लिए. मुझसे कहा गया कि मेरी जिंदगी खत्म हो गई है, मैं पछताऊंगी, मेरी खुशियां खत्म हो जाएंगी लेकिन सच तो यह है कि मैं आज भी मुस्कुराती हूं, मैं आज भी डांस करती हूं.
घुट-घुट कर जीने से तलाक लेना कहीं बेहतर
तलाक का मतलब अंत नहीं!'
अजीमा ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा तलाक के दो साल बाद, मैं जीता-जागता सबूत हूं कि आप रो सकते हैं, आप ठीक हो सकते हैं, और फिर… बिना परवाह किए झूमकर नाच भी सकते हैं. वीडियो को अब तक 1 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है, और लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं.