मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीड़ कितनी होती है, यह किसी से छिपा नहीं है. खासकर पीक ऑवर में सीट मिलना किसी लॉटरी जीतने जैसा लगता है. लेकिन एक महिला यात्री ने इसका ऐसा आसान जुगाड़ निकाला कि सोशल मीडिया पर लाखों लोग उसकी तारीफ कर रहे हैं.यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर मधुबाला ने शेयर किया है. वीडियो मुंबई की विरार जाने वाली लोकल ट्रेन के अंदर का है.
वीडियो में महिला अपने बैग से एक छोटा सा फोल्डिंग स्टूल निकालती नजर आती है. आमतौर पर भीड़ के समय ट्रेन में सीट मिलना मुश्किल होता है, इसलिए उसने अपने साथ यह छोटा स्टूल रखा था.
महिला भीड़ के बीच थोड़ी सी खाली जगह देखकर उस स्टूल को सावधानी से रखती है और इस तरह एडजस्ट करती है कि किसी को परेशानी भी न हो. इसके बाद वह आराम से उस पर बैठ जाती है. आसपास खड़े लोग उसे देखकर हैरान भी होते हैं और मुस्कुराते भी नजर आते हैं.बैठने के बाद महिला मजाकिया अंदाज में कहती है कि विरार लोकल में बैठने के लिए आइडिया चाहिए… सीट ही सीट है.
देखें वायरल वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसे 31 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. कमेंट सेक्शन में कई लोग महिला के इस जुगाड़ की तारीफ कर रहे हैं.
मुंबई लोकल में हर दिन 80 लाख यात्री...
मुंबई की लोकल ट्रेन इस शहर की लाइफलाइन मानी जाती है. करीब 400 किलोमीटर लंबे नेटवर्क पर चलने वाली यह रेल व्यवस्था हर दिन लगभग 80 लाख यात्रियों को उनके मंजिल तक पहुंचाती है. इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को ढोने की वजह से इसे दुनिया की सबसे व्यस्त कम्यूटर रेल प्रणालियों में गिना जाता है.
हालांकि इस भारी भीड़ के साथ कई चुनौतियां भी जुड़ी हुई हैं. ट्रेनों में अक्सर क्षमता से कहीं ज्यादा लोग सफर करते हैं, जिससे यह व्यवस्था जोखिम भरी भी बन जाती है. दक्षिण एशिया के कई शहरों की तुलना में ओवरक्राउडिंग से होने वाली घटनाओं के मामले में मुंबई का नाम अक्सर सामने आता है. यही वजह है कि मुंबई की लोकल ट्रेनें अक्सर खबरों में रहती हैं, क्योंकि दिन के अधिकांश समय डिब्बे यात्रियों से खचाखच भरे रहते हैं. कई लोगों का मानना है कि इतनी घनी भीड़ का सामना शायद ही दुनिया का कोई दूसरा शहर करता हो.
ऐसे में भीड़ के समय सीट मिलना आसान नहीं होता. शायद यही वजह है कि महिला का यह छोटा सा जुगाड़ लोगों को बहुत पसंद आ रहा है.