उत्तर प्रदेश में सरकारी दफ्तरों में लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. अभी कुछ दिन पहले खबर आई थी की यूपी की राजधानी लखनऊ में कुत्तों ने सचिवालय में घुसकर कई अहम फाइलों को फाड़ दिया, अब खबर गोरखपुर से आ रही हैं जहां सरकारी फाइलें गधों का चारा बन रही हैं.
गोरखपुर आरटीओ कार्यालय का यह आलम है कि यहां गधे रोजाना सुबह रिकार्ड रूम में घुसकर वहां राखी फाइलों को चबा रहे है. ऑफिस टाइमिंग के अनुसार ये गधे यहां आते हैं और अपना पेटभर शाम को दफ्तर बंद होने से पहले निकल जाते है. ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि आरटीओ कार्यालय के एक कर्मचारी ने इस बात कि पुष्टी की है. इसके बावजूद अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही. गधे रिकॉर्ड रूम में रखी लाइसेंस और वाहन पंजीकरण की करीब पांच हजार फाइलें अब तक चबा चुके हैं.
गधों की भी है ऑफिस टाइमिंग
एक कर्मचारी का कहना है कि दो से तीन गधे सुबह 10 से 11 के बीच दफ्तर के रिकॉर्ड रूम में पहुंच जाते हैं और दफ्तर बंद होने से पहले चले जाते हैं. फिर यह सिलिसला दूसरे दिन चालू हो जाता है. ये फाइलें बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि किसी की गाड़ी चोरी हो जाने या स्थानांतरण में आरटीओ आफिस में रखी इन फाइलों की जरूरत पड़ती है. के. रविन्द्र नायक (परिवहन आयुक्त) ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि जिसकी भी लापरवाही से ऐसा हुआ होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.