दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी है. वायरल क्लिप में एक महिला, जिसे लोग एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट बता रहे हैं, एक सिक्योरिटी गार्ड को चप्पल से मारती दिखाई दे रही है. वीडियो में पास खड़े पुलिसकर्मी भी नजर आते हैं, जो पूरे घटनाक्रम को देखते दिखाई देते हैं.
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इससे पहले उसी गार्ड ने इलाके के एक आवारा कुत्ते को डंडे से मारा था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. इसी घटना को लेकर महिला कथित तौर पर गुस्से में आ गई और फिर पुलिस चौकी के बाहर हंगामा शुरू हो गया. घटना के बाद इंटरनेट पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंटती नजर आई. कुछ लोग महिला को जानवरों के लिए आवाज उठाने वाली बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स कानून अपने हाथ में लेने पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा
मामले पर अब दिल्ली पुलिस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, उन्हें शिकायत मिली थी कि एक सिक्योरिटी गार्ड ने लोहे की रॉड से एक कुत्ते पर हमला किया था. आरोप है कि इस घटना में कुत्ता घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई. कुत्ते को इलाज के लिए एक निजी वेटरनरी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित किया गया. हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है.
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि जसमीत कौर नाम की एक महिला और एक अन्य एनिमल एक्टिविस्ट ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की थी. हालांकि गार्ड की तरफ से अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
वीडियो देखकर लोग हुए नाराज
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स महिला के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि जानवरों के अधिकारों की बात करने वाले लोगों को इंसानों के साथ भी संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रमेश तिवारी नाम के एक यूजर ने लिखा कि अगर कल यही आवारा कुत्ता किसी गरीब इंसान या बच्चे को काट ले, तो क्या उतनी ही संवेदनशीलता पीड़ित के लिए भी दिखाई जाएगी? उन्होंने कहा कि यह मामला समाज में वर्गभेद और कानून-व्यवस्था से जुड़े सवाल भी खड़े करता है, क्योंकि एक गरीब परिवार से आने वाले सिक्योरिटी गार्ड को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा रहा है.

पंकज सहरिया नाम के एक यूजर ने इस घटना पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि डॉग लवर महिला ने एक सिक्योरिटी गार्ड की पिटाई कर दी, जबकि वह सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहा था. यूजर के मुताबिक, कई रिहायशी सोसायटियां सिक्योरिटी गार्ड्स पर दबाव डालती हैं कि वे आवारा कुत्तों को सोसायटी के अंदर न आने दें. पोस्ट में आगे लिखा गया कि पुलिस जानवरों की सुरक्षा तो छोड़िए, एक पुरुष को महिला से भी नहीं बचा पा रही है