scorecardresearch
 

अजमेर शरीफ दरगाह की 'बड़ी देग' में कूद गया युवक, फिर जो हुआ उसका वीडियो हुआ वायरल

अजमेर शरीफ दरगाह में एक युवक अचानक रस्मों में इस्तेमाल होने वाली 'देग' में चढ़ कर उसके नीचे कूद गया, जिसे देखकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई. इस घटना के कारण कुछ समय के लिए दरगाह परिसर में आवाजाही प्रभावित हुई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं.

Advertisement
X
चश्मदीदों के मुताबिक घटना उस समय हुई जब दरगाह में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे.
चश्मदीदों के मुताबिक घटना उस समय हुई जब दरगाह में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे.

राजस्थान के मशहूर अजमेर शरीफ दरगाह में एक अजीब घटना ने श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मचा दिया.दरगाह परिसर में मौजूद 'बड़ी देग' में एक युवक के अचानक कूद जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि युवक कथित तौर पर देग के अंदर रखे पैसे निकालने के लिए उसमें उतरा था.

चश्मदीदों के मुताबिक घटना उस समय हुई जब दरगाह में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे. अचानक एक युवक वहां रखी विशाल धातु की देग में चढ़ गया. यह वही मशहूर 'बड़ी देग' है जिसका इस्तेमाल दरगाह में चढ़ावे और लंगर के लिए खाना तैयार करने में किया जाता है. श्रद्धालु इसमें दान और पैसे भी डालते हैं. युवक को देग में बैठा देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए.

घटना के बाद दरगाह परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. आसपास मौजूद खादिम और श्रद्धालु लगातार युवक से बाहर आने की अपील करते रहे, लेकिन बताया जा रहा है कि वह काफी देर तक बाहर निकलने को तैयार नहीं हुआ. इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने लगे.

देखें वीडियो

Advertisement

 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक देग के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास खड़े लोग उसे बाहर आने के लिए आवाज लगा रहे हैं. स्थिति बिगड़ती देख आखिरकार एक खादिम खुद देग के अंदर उतरा.  वीडियो में खादिम युवक को मारते हुए भी दिखाई दे रहा है. इसके बाद काफी मशक्कत के बाद युवक को खींचकर देग से बाहर निकाला गया.

बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया. हालांकि इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स युवक की हरकत पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कई लोग उस खादिम की तारीफ कर रहे हैं जिसने बिना देर किए देग के अंदर उतरकर स्थिति को संभाला.

इस घटना के कारण कुछ समय के लिए दरगाह परिसर में लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई. बड़ी संख्या में लोग देग के आसपास जमा हो गए थे, जिससे वहां हलचल का माहौल बन गया.

सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती को समर्पित अजमेर शरीफ दरगाह देश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है. यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं. ऐसे में इस तरह की घटना ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और देखते ही देखते इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया.

Advertisement

(चंद्र शेखर शर्मा के इनपुट्स के साथ)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement